कानपुर देहात (सं. भा.) । रनियां नगर पंचायत से चेयरमैन की रनर रहीं रेशमा देवी पक्ष के लोगों व एक प्रत्याशी को समर्थन करने वाले युवक के पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों तरफ से लाठी डंडे चलने लगे और छह लोग घायल हुए। सीओ अकबरपुर प्रभात कुमार व रनियां पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से रेशमा देवी को देवराज सिंह चुनाव लड़ा रहे थे। वहीं सढ़वा गांव के पिंकू सिंह जब तक आरक्षण नहीं आया था चेयरमैन के लिए दावेदारी कर रहे थे और आरक्षण के बाद एक दूसरे प्रत्याशी को उन्होंने समर्थन दिया था। रेशमा देवी सपा प्रत्याशी से हार गईं इससे रेशमा देवी पक्ष में नाराजगी थी।

रविवार दोपहर को दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए और दोनों तरफ से लाठी डंडे चलने शुरू हो गए। बीच सड़क मारपीट होने से अफरातफरी मच गई। सीओ अकबरपुर प्रभात कुमार, रनियां थाना प्रभारी कपिल दुबे पुलिस बल संग पहुंचे तो लोग भागने लगे। कुछ घायलों को अस्पताल भेजा गया। सीओ ने बताया कि दोनों पक्ष की तहरीर पर कार्रवाई करेंगे। चुनावी रंजिश में मारपीट हुई है।


