शरीर नश्वर है, यह सभी जानते हैं। वेद राही अब हमारे बीच नहीं रहे। कल प्रातःकाल वे इस नश्वर संसार को अलविदा कह गए। 90 वर्ष से अधिक का सार्थक और समृद्ध जीवन जीकर उन्होंने अंतिम सांस ली। वेद राही (जन्म १९३३) हिन्दी और डोगरी के साहित्यकार तथा फिल्म निर्देशक थे, जिन्होंने स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी विनायक दामोदर सावरकर के जीवन पर आधारित फिल्म वीर सावरकर बनाई। वेद राही ने दूरदर्शन धारावाहिक गुल गुलशन गुलफाम का भी निर्देशन किया। वेद राही का जन्म 22 मई 1933 को जम्मू कश्मीर में हुआ था। इनके पिता का नाम लाला मुल्कराज सराफ था जो जम्मू से “रणबीर” नाम का समाचार-पत्र निकलते थे। वेद राही को बचपन से ही लिखने का शौक था। उन्होंने पहले उर्दू में लिखना आरम्भ किया और फिर हिंदी और डोगरी भाषा में भी लिखने लगे। उनकी अब तक की कुछ मशहूर कहानियां है – काले हत्थे (1958), आले (1982), क्रॉस फायरिंग। उनके प्रमुख उपन्यासों में हाड़ बेडी पत्तन (1960) , परेड (1982), त्रुट्टी दी डोर (1980) , गर्भजून आदि। वेद राही ने फिल्मी संसार में कदम रामानंद सागर के कारण रखा जिनके साथ जुड़ रहकर उन्होंने लगभग 25 हिंदी फिल्मों के लिए कहानिया, डायलॉग और स्क्रीन राइटिंग की। इन्होने कई फिल्में की जैसे वीर सावरकर (1982), बेज़ुबान (1976), चरस (1975), संन्यासी (1972), बे-ईमान (1972), मोम की गुड़िया (1971), आप आये बहार आई (1971 ), पराया धन (1970 ), पवित्र पापी (1966 ), ‘यह रात फिर न आएगी’ आदि। इसके अलावा उन्होंने 9 फिल्मे और सीरियल का निर्देशन किया। एहसास (टीवी सीरीज ) (1994 ), रिश्ते (टीवी सीरीज) (1987 ), ज़िन्दगी (टीवी सीरीज)(1987), गुल गुलशन गुलफाम (टीवी सीरीज) (1984), नादानियाँ (1980), काली घटा (1973), प्रेम पर्वत (1972), दरार आदि। इसके अलावा इन्होने काली घटा नामक फिल्म निर्मित भी की। वेद राही डोगरी और हिंदी में समान अधिकार से लिखते थे। उर्दू पर भी उनका समान अधिकार था। इन्हें 1983 में उनके डोगरी कहानी संग्रह ‘आले’ के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। भारतीय साहित्य और सिनेमा में उनका अमूल्य योगदान था। उन्होंने फ़िल्म निर्देशन भी किया। वे स्थापित पटकथा लेखक भी थे। डोगरी भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाने और उसे राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। उपन्यास ललद्यद 14वीं सदी के कश्मीर के सामाजिक-राजनीतिक और धार्मिक परिदृश्य को सजीव करता है। उस कालखंड में कश्मीर में शैव दर्शन, सूफीवाद और सामाजिक बदलाव की बयार बह रही थी। उपन्यास में ललद्यद के गृहस्थ जीवन के उत्पीड़न, वैराग्य की ओर उनके झुकाव और गृहत्याग कर एक साधिका बनने की यात्रा का मर्मस्पर्शी चित्रण है। वेद राही ने उन्हें केवल एक पौराणिक या चमत्कारिक संत के रूप में पेश नहीं किया, बल्कि एक संवेदनशील, जाग्रत और संघर्षशील स्त्री के रूप में उभारा है। ललद्यद ने संस्कृत के एकाधिकार को तोड़कर आम कश्मीरी भाषा में अपनी वाणियों (जिन्हें ‘वाख’ कहा जाता है) की रचना की। उपन्यास में दर्शाया गया है कि किस तरह उनकी कविता ने जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर जन-सामान्य को जोड़ा। उपन्यास का एक बड़ा आकर्षण ललद्यद और प्रसिद्ध सूफी संत मीर सय्यद अली हमदानी व शेख नूरुद्दीन वली के विचारों के संवाद और प्रभाव को दिखाना है, जिसने कश्मीर की ‘कश्मीरियत’ की नींव रखी। वर्ष 1983 में उनके डोगरी कहानी संग्रह ‘आले’ के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार दिया गया। साहित्य अकादमी फेलोशिप (महत्तर सदस्यता) वर्ष 2024 में (साहित्य अकादमी का सर्वोच्च सम्मान), महापंडित राहुल सांकृत्यायन पुरस्कार (2011/2014) और कुसुमाग्रज राष्ट्रीय साहित्य पुरस्कार वर्ष 2019 में प्रदान किया गया।


