फतेहपुर (सं.भा.)। थाना कल्याणपुर में चौड़गरा के साईं रोड में दबंगों ने राजेंद्र प्रसाद तिवारी के मकान को जमींदोज कर दिया और घर का सारा सामान गाड़ी में डालकर चलते बने। यहां से मुश्किल दस कदम की दूरी पर पुलिस चौकी है, मगर पुलिस ने दबंगों को रोकने तक की कोशिश नहीं की। इस वाकये की लिखित शिकायत के बाद पुलिस मौका मुआयना के लिए भी नहीं आयी। यह उत्तर प्रदेश पुलिस के निकम्मेपन का सबसे बड़ा सबूत है। इतना ही नहीं जिस मकान को दबंगों ने गिराया, उसके स्वामित्व को लेकर विवाद है और मुकदमा अदालत में लंबित है।
बता दें कि 31 जुलाई की भोर में लगभग तीन बजे ग्राम हरसिंहपुर निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ लालू सिंह पुत्र यशवंत सिंह और ज्ञानेंद्र सिंह पुत्र रामप्रकाश सिंह जेसीबी मशीन लेकर आए और देखते ही देखते गाटा संख्या 227 स्थित मकान को जमींदोज कर दिया। इन लोगों के पास असलहा भी था। मकान के अंदर रखा बहुत सारा सामान तोड़ दिया और घर का टेलीविजन, बड़े बक्से में रखे बर्तन, मिक्सर जूसर और अन्य कीमती सामान अपनी गाड़ी में भरकर ले गए। राजेंद्र प्रसाद तिवारी को जब इसकी सूचना मिली तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें मकान को ध्वस्त करने से रोका, मगर लालू और ज्ञानेंद्र ने उनकी एक न सुनी। उन दोनों ने राजेंद्र प्रसाद तिवारी को जान से मारने की धमकी दी और चल रही कार्रवाई से दूर रहने को कहा। राजेंद्र प्रसाद तिवारी को उन लोगों ने असलहा दिखाते हुए चेतावनी दी और उनके घर का सारा सामान उठाकर ले गए।
राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने तत्काल पुलिस चौकी जाकर इस घटना पर कार्रवाई की बात की, मगर पुलिस खामोश रही। थक हारकर राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस को दी। मगर पूरा दिन बीत जाने के बाद भी इस मामले में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि इस मकान के स्वामित्व को लेकर विवाद है। इस पर सन् 2016 से मुकदमा चल रहा है। सिविल जज जूनियर डिवीजन फतेहपुर की अदालत में मुकदमा लंबित है।


