spot_img
Homeमहाराष्ट्रआम जनता को बड़ी राहत, महाशिविर में मौके पर सुलझे 838...

आम जनता को बड़ी राहत, महाशिविर में मौके पर सुलझे 838 मामले

मीरा रोड (सं. भा.)। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और जरूरी दस्तावेजों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर काटने की परेशानी से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से मीरा रोड में तालुका स्तरीय समाधान महाशिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कुल 838 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया। परिवहन मंत्री एवं धाराशिव के पालकमंत्री प्रताप सरनाईक की उपस्थिति और मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल से बड़ी संख्या में लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ मिला।
जिला प्रशासन, उपविभागीय अधिकारी कार्यालय और मीरा-भाईंदर तहसील कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महाशिविर में राजस्व, भूमि अभिलेख, राशन वितरण, मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के स्वास्थ्य एवं समाज विकास विभाग, आरटीओ तथा सहकारिता विभाग ने सहभागिता की। शिविर का उद्देश्य किसानों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और जरूरतमंद नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना था।
शिविर में राजस्व विभाग की ओर से 110 विभिन्न प्रमाणपत्र वितरित किए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से जन्म एवं विवाह प्रमाणपत्र, आयुष्मान कार्ड और स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए 49 लोगों को लाभ पहुंचाया गया। भूमि अभिलेख और राशन विभाग से संबंधित आवेदनों पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा संपत्ति हस्तांतरण, कर निर्धारण और सरकारी जमीन के नियमितीकरण से जुड़े लगभग 489 मामलों का समाधान किया गया।
इस अवसर पर मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि जनसेवा ही ईश्वर सेवा है। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नागरिकों के कामकाज में अनावश्यक देरी से बचने और जनहित के मामलों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। महाशिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक मंच पर उपलब्ध होने से नागरिकों को समय और मेहनत की बचत हुई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com