फतेहपुर (सं.भा.) ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके हुनर को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी मैदान में तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ हुआ। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान और जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं।
मेले में दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिट्टी के दीये, मोमबत्तियां, पूजन सामग्री, सजावटी सामान, वंदनवार, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने कई स्टॉलों से खरीदारी कर महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ने कहा कि सरस मेला ग्रामीण महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का बेहतर मंच प्रदान करता है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं। सरकारी योजनाओं और अनुदान की मदद से उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इससे उनकी आय बढ़ने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

तीन दिवसीय मेले में महिलाओं के हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के माध्यम से उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। मेले का उद्देश्य महिला समूहों को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना है।


