मुंबई (सं. भा.)। एसटी महामंडल के ७० वें स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य परिवहन मंत्री और महामंडल के अध्यक्ष दिवाकर रावते ने एसटी कर्मचारियों के वेतन में दोगुना बढ़ोत्तरी करने की घोषणा की है। रावते ने कहा कि आज तक की यह सबसे अधिक बढ़ोत्तरी है। यह बढ़ोत्तरी केन्द्र सरकार के ७ वें वेतन आयोग के आधार पर की गई है।
साल २०१२ से २०१६ के दौरान १२४० करोड़ का करार किया गया था लेकिन २०१६ से २०२० के दौरान ४८४९ करोड़ करार करने का निर्णय किया गया है जो कि एसटी महामंडल और राज्य सराकर के बीच अब तक का यह सबसे बड़ा करार है। रावते ने बताया कि इस वेतन बढ़ोत्तरी के लिए किए गए करार में ४७ से ५० हजार कर्मचारियों को फायदा होगा। इसके लिए महामंडल ने १७६ करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार स्वीकार किया है।
एसटी महामंडल से निवृत कर्मचारियों का सुविधा पास दो महीने की अपेक्षा छह महीने के लिए कर दिया गया है। कर्मचारियों के बच्चों को उच्चशिक्षा दिलाने के लिए सावित्रीबाई ज्योतीबा फुले छात्रवृत्ति योजना के तहत हर महीने ७५० रुपए दिया जाएगा। इसके लिए २२से २३ करोड़ खर्च किया जाएगा। रावते ने कहा कि कर्मचारियों को ७ जून तक नए करार को मान्य करना होगा।


