सोना सभी को प्रिय है। फिर चाहे वह महिला हो या पुरुष। सोने के आभूषण पहनना आजकल एक ट्रेंड सा बन गया है। युवा भी इसे खासा पसंद कर रहे हैं। महिलाओं के लिए सोना या उससे बने आभूषण उनकी पहली पसंद है। इसीलिए भारतीय परिवारों में एक बार खरीद लिया गया सोना कभी बेचा नहीं जाता। केवल संकट के समय या फिर विपरीत परिस्थितियों के चलते ही लोग इसे बेचने पर मजबूर होते हैं। शादी के समय दूल्हन को दिया गया सोना उसका स्त्री धन माना जाता है, जिस सिर्फ और सिर्फ उसी का अधिकार होता है। भारत की यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। सोने में ताकत बहुत होती है। सोना ही बताता है कि किसकी कितनी ताकत है। दुनिया के देश भी अब सोने के जरिए अपनी – अपनी ताकत बढ़ाने की होड़ लगा रहे हैं। किस देश के पास कितना सोना है, इससे उस देश की ताकत और अहमियत का पता चलता है। जैसे अमेरिका के पास सबसे ज्यादा सोना है, इसीलिए वह पूरी दुनिया को अपनी सत्ता मनवाने पर मजबूर करता है, क्योंकि वह सबसे ताकतवार देश है। इधर हमारा पड़ोसी देश चीन भी सोना खरीद पर जोर दे रहा है। आधिकारिक तौर पर उसने अक्टूबर में 26 टन सोना खरीदा जो तीन साल में सबसे बड़ी मासिक खरीद है। जानकारों का मानना है कि चीन गुपचुप तरीके से सोना खरीद रहा है। चीन के केंद्रीय बैंक ने अक्टूबर में आधिकारिक रूप से 26 टन सोना खरीदा, जो अगस्त 2023 के बाद सबसे बड़ी मासिक खरीद है। सितंबर में उसने 23 टन सोना खरीदा था। चीन लगातार 24 महीने से सोने की खरीदारी कर रहा है। हालांकि पिछले साल यानी 2025 में उसने किसी भी महीने 5 टन से ज्यादा सोना नहीं खरीदा। इस साल चीन अब तक 129 टन सोना खरीद चुका है। इसके साथ ही उसका कुल गोल्ड रिजर्व 2,435 टन पहुंच गया है। यह फ्रांस से केवल दो टन कम है। फ्रांस के पास दुनिया का चौथा बड़ा गोल्ड रिजर्व है। इस मामले में अमेरिका, जर्मनी और इटली टॉप 3 में हैं। इस तरह चीन गोल्ड रिजर्व के मामले में दुनिया में पांचवें नंबर पर पहुंच चुका है। भारत के पास करीब 880 टन गोल्ड है और वह आठवें नंबर पर है। चीन के गोल्ड रिजर्व दुनिया की दूसरी बड़ी इकॉनमी वाले देश चीन का कुल विदेशी मुद्रा भंडार करीब 3.8 ट्रिलियन डॉलर है, जो दुनिया में सबसे बड़ा है। इसमें गोल्ड की हिस्सेदारी करीब 9 फीसदी है। दूसरी ओर भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 6 नवंबर को खत्म सप्ताह में 719.55 अरब डॉलर था। इसमे गोल्ड रिजर्व की हिस्सेदारी करीब 14.56 फीसदी है। अमेरिका के पास दुनिया का सबसे बड़ा गोल्ड रिजर्व है। सबसे बड़ी इकॉनमी वाले इस देश के पास 8,133 टन सोने है। दूर-दूर तक कोई इस मामले में अमेरिका के आस पास भी नहीं है। यूरोप की सबसे बड़ी इकॉनमी वाला देश जर्मनी 3,350 टन के साथ दूसरे नंबर पर है। इटली के पास 2,452 टन सोना है जबकि फ्रांस का गोल्ड रिजर्व 2,437 टन है। रूस ने हाल में अपने गोल्ड रिजर्व में कटौती की है। सोने की कीमत इस साल जनवरी में ऑल टाइम हाई पर पहुंच चुकी थी। सितंबर में उसका गोल्ड रिजर्व 2,264.32 टन रह गया था। यूरोपीय देश स्विट्जरलैंड इस लिस्ट में सातवें नंबर पर है। उसका गोल्ड रिजर्व 1,040 टन है। जानकारों का कहना है कि अगर चीन को दुनिया की नंबर एक इकॉनमी बनना है तो उसके पास कम से कम 5,000 टन गोल्ड रिजर्व होना चाहिए।


