मुंबई (सं. भा.) वसई पूर्व के चिंचोटी स्थित झरने में डूबने से 3 युवकों की मौत हो गई। मृत युवकों में विले- पार्ले निवासी सुमित राधेश्याम यादव, नालासोपारा निवासी रवि झां व रोहन राठौड़ बताया जा रहा है। उक्त मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर मुंबई के विले-पार्ले में रहने वाला सुमित राधेश्याम यादव अपने 4 अन्य दोस्तों के साथ वसई के चिंचोटी स्थित झरने पर घूमने के लिए गया था। इसके अलावा नालासोपारा निवासी रवि झां व रोहन राठौड़ भी अपने दोस्तों के साथ उसी स्थान पर घूमने के लिए गए थे। शाम 4 बजे के आसपास सभी पानी में मस्ती कर रहे थे।

उसी दौरान गहरे पानी में तेज बहाव के कारण तीनों बह गए। उस दौरान वहां मौजूद उनके दोस्तों ने वहां मौजूद अन्य लोगों की मदद से उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और बहाव तेज होने के कारण वह डूब गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस व वसई-विरार अग्निशमन विभाग की टीम ने बचाव राहत कार्य शुरू किया, लेकिन किसी का कुछ पता नहीं लगा। शुक्रवार की सुबह सुमित राधेश्याम यादव का शव पुलिस को मिला, उसके बाद शाम को रवि झां व रोहन राठौड़ का भी शव पुलिस ने पानी से निकाल लिया। उक्त मामले में नायगांव पुलिस ने अकस्मात मृत्यु का मामला दर्ज किया है।


