मुंबई (सं.भा.) महाराष्ट्र सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी है। अब बोधगया जाने वाले महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं के लिए वहां स्थायी आवास सुविधा विकसित की जाएगी। सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने बताया कि इसके लिए बोधगया में करीब 10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, सोमवार को दादर रेलवे स्टेशन से 800 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष तीर्थदर्शन ट्रेन को रवाना किया गया।
विशेष ट्रेन को सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उन वरिष्ठ नागरिकों का वर्षों पुराना सपना पूरा करने का माध्यम है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से जीवन में कभी प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन नहीं कर सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक लाभार्थी को सम्मानजनक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले। इसी उद्देश्य से बोधगया में महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं के लिए स्थायी आवास सुविधा विकसित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि भविष्य में वहां आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिले के 800 पात्र श्रद्धालु 20 से 26 जुलाई तक आयोजित इस विशेष यात्रा में शामिल हुए हैं। यात्रा के दौरान सभी यात्रियों को आरक्षित रेल यात्रा, भोजन, नाश्ता, आवास, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सहायता पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से लोगों को जोड़ने के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक तीर्थयात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यात्रियों से अनुशासन बनाए रखने और यात्रा का आध्यात्मिक वातावरण में आनंद लेने की भी अपील की।


