मुंबई, (सं. भा.): पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में मिली चुनावी सफलता के बाद भाजपा ने इसे राष्ट्रवाद की बड़ी जीत बताते हुए मुंबई स्थित प्रदेश कार्यालय में जोरदार विजयोत्सव मनाया। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बंगाल में मिला जनादेश केवल एक राज्य का परिणाम नहीं, बल्कि देश के हर राष्ट्रवादी नागरिक की जीत है और यह उन ताकतों के खिलाफ है जो भारत की एकता और अखंडता को चुनौती देती रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में हिंसा और राजनीतिक टकराव का माहौल रहा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने इस जीत को उन कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हुए कहा कि जनता ने बदलाव और विकास के पक्ष में मतदान किया है।
फडणवीस ने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस, वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस के शासन ने पश्चिम बंगाल की आर्थिक स्थिति को कमजोर किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास का नया विजन सामने आया। उन्होंने दावा किया कि बुनियादी ढांचे और निवेश के मुद्दों पर जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया। साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति और संगठन की ताकत को भी जीत का अहम कारण बताया।
कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण समेत कई मंत्री, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। चव्हाण ने कहा कि महाराष्ट्र से हजारों कार्यकर्ताओं ने बंगाल में जाकर चुनाव प्रचार किया और दिन-रात मेहनत कर यह परिणाम हासिल किया।
विजयोत्सव के दौरान बंगाल के प्रसिद्ध व्यंजन झालमुरी का भी विशेष आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पूरे उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया और पार्टी नेतृत्व के समर्थन में नारे लगाए।
बंगाल जीत पर BJP का जश्न, फडणवीस बोले—राष्ट्रवाद की निर्णायक विजय
RELATED ARTICLES


