spot_img
Homeउत्तर प्रदेशयूपी की राजनीति में चुनावी जंग तेज, राजभर ने अखिलेश को ललकारा

यूपी की राजनीति में चुनावी जंग तेज, राजभर ने अखिलेश को ललकारा

लखनऊ (सं. भा.) उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच एक-दूसरे को चुनावी मैदान में उतरने की चुनौती देने का सिलसिला तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच शुरू हुई जुबानी जंग में अब सुभासपा अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने अखिलेश यादव को अयोध्या या जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि उम्मीद है कि वह भगोड़े साबित नहीं होंगे।

राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अखिलेश को निशाने पर लेते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि ललकार कर पीछे हटने वालों को भगोड़ा कहा जाता है। अयोध्या और जहूराबाद दोनों ही अखिलेश का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने सपा प्रमुख पर बड़े-बड़े राजनीतिक दावे करने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। साथ ही कांग्रेस नेताओं से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए अखिलेश से अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

राजभर ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्षी नेताओं का अहंकार और बड़बोलापन समाप्त हो जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। इसके जवाब में योगी ने बलरामपुर की एक जनसभा में अखिलेश को सीधे मुकाबले के लिए आमंत्रित किया था। वहीं, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी योगी को संभल और अखिलेश को गोरखपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। नेताओं के बीच जारी इस बयानबाजी से प्रदेश का सियासी माहौल गरमा गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com