- मुंबई में दिखी होली की मस्ती, जगह-जगह हुए आयोजन
- रंग, पिचकारी, मिठाई, गुझिया से बढ़ी होली की रौनक
- 3 साल बाद जमकर उड़े अबीर, गुलाल
मुंबई (सं. भा.) फाल्गुन माह की पूर्णिमा पर अनादिकाल से होलिका दहन होता आ रहा है। इसके अगले दिन प्रथमा तिथि पर रंगो का त्यौहार होली धूम धाम से मस्ती के साथ मनाई जाती है। इसी कड़ी में सोमवार को फाल्गुन पूर्णिमा पर देर रात शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। जबकि मंगलवार को दिनभर रंगों के त्यौहार होली की धूम रही। मुंबई के गली गली में, मंदिरों, संस्थाओं, सोसायटियों द्वारा होलिका दहन के साथ रंग खेलने की व्यवस्था की गयी थी । लोगों ने सोमवार की शाम को शुभ मुहूर्त में होलिका पूजन कर उसमे अग्नि प्रज्ज्वलित किया। इसके चलते शहर में सूखी लकड़ियों की मांग काफी बढ़ गयी थी। होली में बच्चों की पिचकारी, रंग, अबीर, गुलाल, भांग, ठंडई, मिठाई तथा गुझिया की मांग हर तरफ बढ़ी रही। कोरोना काल के 3 साल बाद इस वर्ष लोगों ने जमकर होली खेली । मिठाइयों की दुकानों पर गुझिया की डिमांड रही। कई सामाजिक संस्थाओं के साथ धार्मिक आश्रमों में भी होलिका दहन के साथ रंगों से होली खेली गई।

संन्यास आश्रम विलेपार्ले
सन्यास आश्रम ट्रस्ट परिवार द्वारा विलेपार्ले पश्चिम स्थित संन्यास आश्रम परिसर में होलिका स्थापित की गयी थी। आश्रम के प्रमुख महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंदगिरि महाराज के नेतृत्व में वैदिक विधि विधान से शाम को शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया और अगले दिन संत महात्माओं ने भी होली खेली।
इसी तरह से संन्यास आश्रम घाटकोपर, आनंदवन आश्रम कांदिवली पश्चिम, साधुबेला उदासीन आश्रम महालक्ष्मी, वेदांत कुटीर आश्रम घाटकोपर समेत मुंबई के सभी आश्रमों मे होली मनाई गई।
वैसे तो पुरी मुंबई में दो दिनों तक होली की धूम रही लेकिन उत्तर मुंबई के गोरेगांव से लेकर दहिसर तक दर्जनों जगह होलिका दहन के साथ सामुहिक होली खेलने का आयोजन किया गया। जिसमें आम से लेकर खास लोगों में शिरकत की और एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और गले मिलकर भाईचारे का संदेश दिया। उत्तर मुंबई के सांसद गोपाल शेट्टी ने अपने लोकसभा क्षेत्र के परिसर में घूमकर न केवल कार्यकर्ताओंके साथ होली खेली बल्कि उन्हें होली की शुभकामना भी दी। मालाड से कांग्रेसी विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री असलम शेख ने होलिका दहन करने वाली संस्थाओंका मार्गदर्शन करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया, उनके साथ होली खेली और होली की शुभकामना दी। इसी तरह से चारकोप के भाजपा विधायक योगेश सागर ने भी अपने क्षेत्र मे जगह-जगह आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल होकर लोगों के साथ होली मनाई और उन्हें शुभकामना दी। बोरिवली के भाजपा विधायक सुनील राणे ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र मे कई स्थानों पर होलिका दहन समारोह में शिरकत की और लोगों के साथ होली खेली। दहिसर की भाजपा विधायक मनिषा चौधरी, मागाठाणे के शिवसेना विधायक प्रकाश सुर्वे तथा कांदिवली पूर्व के भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने भी अपने क्षेत्र में आयोजित होली मिलन समारोह में शिरकत की और लोगों को होली की शुभकामना दी।


