मुंबई (सं.भा.) प्रदूषण के खिलाफ जनजागृति अभियान चलाने वाली मुंबई महानगरपालिका (BMC) खुद राजनीतिक विवाद में घिर गई है। भाजपा की आपत्ति के बाद अभिनेत्री दिया मिर्जा का जागरूकता वीडियो सोशल मीडिया से हटाए जाने पर मनपा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को रोकने और मुंबई हाईकोर्ट के निर्देशों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए मनपा ने विशेष अभियान शुरू किया था। इसी के तहत दिया मिर्जा का वीडियो आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी किया गया था। वीडियो में सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की गई थी।

मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने वीडियो पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मुंबईकरों को दीपावली मनाने का पाठ दिया मिर्जा से सीखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में मनपा को भी टैग किया। इसके कुछ समय बाद ही मनपा ने वीडियो हटा दिया।
वीडियो हटाने के पीछे का कारण मनपा प्रशासन ने स्पष्ट नहीं किया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि प्रदूषण नियंत्रण जैसे जनहित के मुद्दे पर राजनीतिक आपत्ति के बाद प्रशासन को अपना फैसला क्यों बदलना पड़ा? इस अभियान में क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और अभिनेता स्वप्निल जोशी को भी शामिल करने की योजना थी।


