मुंबई (सं. भा.): मानसून से पहले शहर को जलभराव से बचाने के लिए बीएमसी ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में महापौर रितु तावडे ने विभिन्न इलाकों का दौरा कर नाला सफाई और सड़कों के कामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ तौर पर अधिकारियों को चेतावनी दी कि मानसून पूर्व सभी कार्यों के पूरा होने तक लगातार निगरानी की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
महापौर ने चेंबूर क्षेत्र में चल रहे सड़कों के कंक्रीटीकरण कार्यों के साथ माहुल नाला, जे.के. नाला और मीठी नदी से गाद हटाने की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई कार्य में तेजी लाई जाए ताकि बारिश शुरू होने से पहले सभी नालों को पूरी तरह साफ किया जा सके।
निरीक्षण के मौके पर स्थानीय नगरसेवक, सहायक आयुक्त, रोड विभाग के चीफ इंजीनियर मंतय्या स्वामी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि शहर में सड़कों के दीर्घकालिक समाधान के लिए सीमेंट कंक्रीटीकरण परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे हर साल होने वाली सड़क खराब होने की समस्या से निजात मिल सके।
उन्होंने जोर देकर कहा कि मुंबई जैसे महानगर में मानसून से पहले तैयारी में किसी भी प्रकार की ढिलाई भारी पड़ सकती है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें।
काम पूरा होने तक होगी सख्त निगरानी”- नाला सफाई पर महापौर का अल्टीमेटम
RELATED ARTICLES


