- भगवान महावीर स्वामी का 2550 निर्वाण महोत्सव
- 2550 मीटर कपड़े पर लिखे भक्तामर स्तोत्र का विमोचन
मुंबई (सं. भा.) भगवान महावीर स्वामी 2550 वां निर्वाण महोत्सव समिति के तत्वावधान में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2550वें निर्वाण महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। गोरेगांव पूर्व के वेस्टर्न एक्सप्रेस-वे स्थित नेस्को में 19 नवंबर को सुबह 8 बजे मुंबई के सकल जैन समाज का जमावड़ा लगने जा रहा है। मुंबई के सकल जैन समाज के सभी फिरके मिलकर विश्व रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं।

समिति के प्रचार मंत्री भरत भाई शाह ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी के 2550 वें निर्वाण महोत्सव के अवसर पर 2550 मीटर कपड़े पर हस्तलिखित भक्तामर स्तोत्र का विमोचन होगा। जैन समाज के धार्मिक ग्रंथ भक्तामर का 18 भाषाओं में इस तरह हस्तलिखित महाध्वज अभियान जैन समाज के आचार्य डॉ. प्रणाम सागर महाराज की परिकल्पना है। जैन समाज के आचार्यश्री नयपद्मसागर महाराज की विशेष उपस्थिति में इस अनूठे अभियान का विमोचन होगा। जिसे विश्व-रिकॉर्ड के रूप में दर्ज करने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड, लिम्का बुक के अलावा विश्व-रिकॉर्ड दर्ज करने वाले दस प्रमुख संस्थानों की टीमें यहां मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। जबकि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। इनके अलावा पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज और सद्गुरु ब्रम्होसानन्द आचार्य स्वामी की उपस्थिति रहेगी। भारत शाह के अनुसार इस अवसर पर निर्वाण महोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ मणीन्द्र जैन, कार्याध्यक्ष घेवरचंद बोहरा, जयेंद्र जैन, स्वागताध्यक्ष सी. पी. जैन, संरक्षक वीरेंद्र हेगड़े, मंगल प्रभात लोढ़ा, उपाध्यक्ष वीरेंद्र शाह, जमनालाल हपावन, ख्याली लाल तातेड़, सी.सी. डांगी, महामंत्री सुरेश जैन, नितिन बोरा, कोषाध्यक्ष डॉ. जिनेन्द्र जैन, महेंद्र तुरकिया उपस्थित रहेंगे।


