spot_img
Homeउत्तर प्रदेशकरंट से झुलसे लाइनमैन की इलाज के दौरान मौत

करंट से झुलसे लाइनमैन की इलाज के दौरान मौत

रसूलाबाद (सं. भा.) : क्षेत्र के ओरिया गांव में बिजली से झुलसे संविदा लाइनमैन की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मौत के बाद संविदा कर्मियों के आक्रोश को देखते हुए अधिशासी अभियंता ने मृतक की मां को मुआवजे की राशि पांच लाख रुपये का चेक दिया है।
26 जून को रसूलाबाद देहात आपूर्ति सबस्टेशन से जुड़े असालतगंज फीडर से संबद्ध ओरिया गांव में शटडाउन लेकर बिजली का काम बर्रा ठर्रा निवासी संविदा लाइनमैन 22 वर्षीय अनिकेत यादव कर रहा था। अचानक से बिजली आ जाने पर तेज करंट लगने से वह नीचे गिर गया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां से हालत गंभीर देख लखनऊ रेफर किया गया। रविवार सुबह अनिकेत यादव ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पिता सतेंद्र यादव, मां विमला, छोटे भाई अभिषेक का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता ने इस मामले में सब स्टेशन रसूलाबाद देहात में एसएसओ के पद पर नियुक्त कर्मचारी के विरुद्ध तिस्ती चौकी इंचार्ज को तहरीर दी है। संविदा कर्मी संगठन के जिला अध्यक्ष पुनीत सिंह ने बताया कि उन लोगों की मांग पर तत्काल विभाग की ओर से पांच लाख रुपये का चेक मृतक की मां विमला देवी को दिया गया है। इसके साथ ही दोषी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने का आश्वासन व अन्य सहायता राशि दिए जाने की बात कही गई है। संविदा कर्मी संगठन के जिला अध्यक्ष पुनीत सिंह, जितेंद्र पाल, अवधेश कुमार, कुंजी, शिवम कटियार, धनराज दुबे, सोनू, कल्लू यादव ने शोक जताया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com