spot_img
Homeमहाराष्ट्रआशीर्वाद ने सजाया हिंदी का भव्य उत्सव, कई हस्तियों को मिला सम्मान

आशीर्वाद ने सजाया हिंदी का भव्य उत्सव, कई हस्तियों को मिला सम्मान

मुंबई (सं.भा.) हिंदी भाषा, साहित्य और संस्कृति के सम्मान को समर्पित आशीर्वाद संस्था के 34वें भाषा-सेतु एवं राजभाषा पुरस्कार समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं और प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। आईआईटी मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में हिंदी सेवा के 57 वर्षों की यात्रा को भी रेखांकित किया गया।

29 सितंबर को आयोजित समारोह में फिल्म निर्देशक रमेश तलवार, संगीतकार कुलदीप सिंह, निर्देशक तरुण माथुर, वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र, अभिनेता विष्णु शर्मा, शायर दीप्ति मिश्रा, अभिनेता एवं यूथ आइकन विद्युत जामवाल, आशीर्वाद के चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल, अध्यक्ष सुधा सिंह, समाजसेवी सुभाष अग्रवाल, आईआईटी मुंबई के डीन प्रा. रवींद्र गुडी, कुलसचिव गणेश बोरकडे और निदेशक नीता बाजपेयी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक सचिव राजेश विक्रांत ने संस्था का परिचय देकर की।

‘अपनी भाषा अपना गौरव’ विषय पर परिचर्चा का संचालन क्राइम पत्रकार विवेक अग्रवाल ने किया। इसमें आईआईटी के कुलसचिव चिंतामणि जोगलेकर, आईआईएम के डीन निखिल मेहता, एसबीआई के सतीश सिंह और बैंक ऑफ इंडिया के सरताज मोहम्मद शकील ने विचार रखे। राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए खादी और ग्रामोद्योग आयोग, केंद्रीय मात्स्यिकी शिक्षा संस्थान, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक, आरसीएफ, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, एलआईसी, कोंकण रेलवे और भारतीय कपास निगम सहित विभिन्न

संस्थानों को सम्मानित किया गया। आईआईएम मुंबई को नवोन्मेषी कार्य तथा आईआईटी मुंबई को ‘आशीर्वाद रत्न’ सम्मान दिया गया।

विद्युत जामवाल ने योग और ध्यान को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण देन बताते हुए कहा कि इनके माध्यम से तनाव को नियंत्रित कर मानसिक शांति बनाए रखना संभव है। उन्होंने लघु वीडियो फिल्म प्रतियोगिता के विजेता आईआईटी के पीएचडी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया।

‘आशीर्वाद नव रत्न सम्मान’ से साहित्यकार राजेश रेड्डी, विद्युत जामवाल, पद्मश्री डॉ. शोमा घोष, वरिष्ठ मराठी अभिनेत्री उषा नाडकर्णी, डॉ. कृष्ण कुमार मिश्र, समाजसेवी डॉ. अलका पाण्डेय, मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, वृत्तचित्र निर्माता संतोषी गुलाबकली मिश्रा, एनएसडी प्रशिक्षित रंगकर्मी अशोक बन्थिया और जापान से आईं मायो हितोमी को सम्मानित किया गया। ‘आशीर्वाद मूल साहित्यिक कृति सम्मान’ असलम हसन की ‘पोटली में चांद’, सतीश सिंह की ‘तपती धूप में जिंदगी’ और ममता सिंह की ‘बीज और आकाश’ को प्रदान किया गया।

समारोह में डॉ. बनमाली चतुर्वेदी, डॉ. सुलभा कोरे, नवीन चतुर्वेदी, अतुल राजकुले, श्रेयांस शुक्ला, डॉ. मंजुला जगतरामका, अनिल गलगली, अशोक त्रिवेदी, राजीव रोहित, कृष्णा गौतम, गिरीश सेठिया, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, राजकिशोर तिवारी, शामी एन. इरफान और अनिल कुमार राही सहित बड़ी संख्या में साहित्यसेवी एवं हिंदीप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन फिल्म निर्माता-निर्देशक, कवि एवं अभिनेता रवि यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नीता बाजपेयी ने किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com