spot_img
Homeमहाराष्ट्रआपात चिकित्सा सेवा होगी डिजिटल, मोबाइल पर दिखेगी नजदीकी एम्बुलेंस

आपात चिकित्सा सेवा होगी डिजिटल, मोबाइल पर दिखेगी नजदीकी एम्बुलेंस

मुंबई, (सं. भा.)। किसी हादसे या अचानक तबीयत बिगड़ने की स्थिति में एम्बुलेंस के लिए इधर-उधर फोन करना और उपलब्ध वाहन की तलाश में समय गंवाना मरीज और उसके परिजनों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए महाराष्ट्र सरकार अब आपात चिकित्सा सेवा को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोग कैब बुकिंग की तरह अपने मोबाइल से आसपास मौजूद एम्बुलेंस की जानकारी लेकर उसे बुक कर सकेंगे।

परिवहन विभाग की योजना के मुताबिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आसपास उपलब्ध एम्बुलेंस की जानकारी के साथ उसकी मौजूदा लोकेशन, मरीज तक पहुंचने का संभावित समय और सेवा शुल्क जैसी जानकारी भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में दर्ज एम्बुलेंस के रिकॉर्ड को डिजिटल प्रणाली से जोड़े जाने की योजना है।

सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में मरीज तक जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता पहुंचाना है। खासकर सड़क दुर्घटनाओं में शुरुआती समय को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में एक ही प्लेटफॉर्म पर आसपास की एम्बुलेंस की जानकारी मिलने से मरीज के परिजनों को अलग-अलग नंबरों पर संपर्क करने की जरूरत कम हो सकती है और समय की बचत हो सकती है।

प्रस्तावित व्यवस्था को स्वास्थ्य विभाग, अस्पतालों और निजी एम्बुलेंस संचालकों के समन्वय से विकसित करने की तैयारी है। निजी एम्बुलेंस को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत करने की व्यवस्था बनाई जा सकती है, जिससे उपलब्ध वाहनों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार हो सके। इसके साथ ही एम्बुलेंस की सेवा गुणवत्ता और निर्धारित शुल्क को लेकर भी नियम तय किए जाने की संभावना है।

सरकार ऐसी एम्बुलेंस की व्यवस्था पर भी विचार कर रही है, जिनमें जरूरत के मुताबिक डॉक्टर या नर्स जैसी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो। हालांकि अभी यह पूरी योजना शुरुआती स्तर पर है। अंतिम रूप देने से पहले एम्बुलेंस पंजीकरण, किराया, सेवा मानक, तकनीकी व्यवस्था, अस्पतालों से समन्वय और संचालन से जुड़े अन्य मुद्दों पर दिशा-निर्देश तैयार किए जाएंगे।

अगर योजना लागू होती है तो आपात स्थिति में एम्बुलेंस तलाशने की मौजूदा प्रक्रिया में बड़ा बदलाव आ सकता है और लोगों को एक ही डिजिटल माध्यम से जल्द सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com