भदैंया (सं. भा.) : नहर में पानी नहीं आने से दर्जनों गांव के किसान सिंचाई से वंचित हैं। स्थानीय लोगों ने सिंचाई विभाग से नहर की सफाई के साथ पानी की उपलब्धता कराने की मांग की है। भदैंया ब्लॉक में भी नहरों के सूखी होने से किसानों में व्यवस्था के प्रति रोष देखा जा रहा है।
विकास खंड में रामगंज रजबहा खंड 49 से करीब आधा दर्जन नहरें निकली हैं। जिनसे दो सौ हेक्टेयर मे फसलो की सिचाई होती है । बीते एक माह से क्षेत्र की बभनगंवा सहित सभी नहरें सूखी हैं। किसान गेंहू व सब्जी की बुआई के बाद सिंचाई करना चाहते है, लेकिन उनकी मंशा पर नहर विभाग के अधिकारी पानी फेरते नजर आ रहे हैं। नहर में पानी नहीं आने से महेशपुर, बिकवाजितपुर, गोपालपुर, अभियाखुर्द, अभियाकला, टोडरपुर, झौआरा, बरूई बभनगंवा, बेलासदा,
बेलामोहन आदि गांवों मे गेहूं की फसलें बरबाद हो रही हैं। जहां नहरों में पानी नहीं है तो वही सहकारी समितियों से यूरिया भी नदारद है। जिससे गेहूं आलू व सब्जी की फसलों को रासायनिक खाद के लिए भी किसानों को बाजारों से नकली व महंगी खाद लेनी पड रही है। इससे किसानों की कमर टूट रही है। वहीं लेटलतीफी होने से फसलों के उत्पादन पर भी प्रभाव पडता नजर आ रहा है। इस बाबत सिंचाई विभाग के नोडल अधिकार पंकज गौतम ने बताया कि अभियंता को भेजकर पड़ताल करा ली जाएगी। जल्द सिंचाई की समस्या दूर कराई जाएगी।


