चकलवंशी (सं. भा.) : चार दिन पूर्व दो हजार रुपये न देने पर किसान व लकड़ी ठेकेदार में विवाद हो गया था। इस पर ठेकेदार ने अपने साथियों को बुला लिया और किसान को घर से खींचकर लाठी-डंडों व जंजीर से पीट दिया। घटना में एक पक्ष से चार लोग घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल से गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल कानपुर भेज दिया गया, वहां इलाज के दौरान एक की शनिवार रात को मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही बवाल होने की आशंका से पुलिस गांव पहुंच गई। इसके अलावा स्वॉट व एलआइयू भी गांव तैनात रही। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ठेकेदार सहित छह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
बता दें कि माखी थानाक्षेत्र के गांव ऐरा भदियार के मजरा गिरवरखेड़ा निवासी बाबू पुत्र मैकू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती एक जून को थाना गांव निवासी रफीक के हाथ घर के बाहर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ 10 हजार में बेचे थे। तीन जून की रात वह अपने बेटे के साथ उसके घर आया और आठ हजार रुपये दिए। बाकी के दो हजार रुपये न देने की बात की तो विवाद हो गया। इस पर रफीक ने करीब डेढ़ दर्जन साथियों को बुलाया और उसके घर में घुसकर उसकी पत्नी कमला को बाहर खींच लिया। जिस पर उनमें मारपीट होने लगी। जिसमें महिला घायल हो गई। इसके बाद बचाने पहुंचे सुशील, मनोज, विनोद, बीनू व देशराज को भी पीट-पीटकर घायल कर दिया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से गंभीर हालत में सुशील को एलएलआर अस्पताल कानपुर रेफर किया गया, पांच जून की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पुलिस मामला दो वर्गों के बीच का होने से बवाल की आशंका से सतर्क हो गई। एहतियातन गांव में माखी के अलावा अजगैन, फतेहपुर चौरासी व सफीपुर कोतवाली का भी फोर्स तैनात कर दिया गया। एसओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट वाले दिन ही रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले को हत्या में तरमीम करते हुए तीन को हिरासत में लिया गया है। एसडीएम सदर सत्यप्रिय सिंह ने मृतक के पिता को ब्लाक स्तर से आवास व पट्टा भूमि का लाभ दिलाने का आश्वासन भी दिया।
बच्चों, पत्नी व स्वजन का रो-रोकर रहा बुरा हाल
मृतक सुशील तीन भाइयों हरिपाल व इंद्रेश में बीच का था। इसमें इंद्रेश की दो साल पहले पानीपत से दिल्ली आते समय लूट के दौरान हत्या हो गई थी। उसके दो बेटों रोहित व राहुल के अलावा बेटी अंजली और पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
सूचना पर सदर विधायक पंकज गुप्ता मृतक के घर पहुंचे और हर संभव मदद का भरोसा दिया। विधायक ने कहा कि मामले में पुलिस से भी कहीं न कहीं चूक हुई है। घटना की दोबारा जांच कर दोषी पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई होगी।
स्वजन ने बताया कि उनका घर कच्चा बना है। जो इस समय गिर गया है। बताया कि परिवार फूस की झोपड़ी बनाकर उसी में रह रहा है। आर्थिक स्थिति खराब होने से ही उसने घर के बगल में लगे यूके लिप्टस के पेड़ों को बेचा था।


