मुंबई (सं. भा.)। आरक्षित डिब्बों में तय सीमा से अधिक सामान ले जाने वाले यात्रियों पर रेलवे अब कड़ी नजर रखेगी। पश्चिम रेलवे ८ जून से २२ जून तक इस विषय पर विशेष जागरुकता अभियान चलाने जा रही है, जिसमें यात्रियों को तय सीमा से अधिक सामान ना लेकर यात्रा करने के बारे में जागरुक किया जाएगा। यदि कोई यात्री तय सीमा से अधिक सामान के साथ पकड़ा जाता है, तो उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी रविंद्र भाकर के अनुसार हर यात्री को ट्रेनों के डिब्बों में एक निश्चित सीमा तक नि:शुल्क सामान ले जाने की अनुमति है। विभिन्न श्रेणियों में नि:शुल्क सामान ले जाने की अलग-अलग सीमाएं तय की गई हैं।
भाकर ने बताया कि सभी श्रेणियों में नि: शुल्क सीमा से अधिक सामानों को यात्री बुक कराकर यात्री अपने साथ ले जा सकते हैं।
श्रेणी मुफ्त अधिकतम छूट
फर्स्ट एसी ७० किग्रा १५ किग्रा
सेकंड एसी ५० किग्रा १० किग्रा
थर्ड एसी ४० किग्रा १० किग्रा
स्लीपर ४० किग्रा १० किग्रा
जनरल ३५ किग्रा १० किग्रा


