प्रमोद कुमार डोंबिवली (सं.भा.) ठाणे जिले के डोंबिवली एमआईडीसी के रिहायशी इलाके में नई बनी सीमेंट-कंक्रीट की सड़कों को बार-बार तोड़े जाने से सरकारी एजेंसियों के कामकाज पर सवाल उठ रहे हैं। पिछले दो वर्षों में करीब 21 सड़कों की खुदाई किए जाने का दावा किया जा रहा है। ताजा मामला मिलापनगर की सड़क नंबर-2 का है, जहां नाले के निर्माण के लिए हाल ही में बनाई गई सीमेंट सड़क को तोड़ दिया गया है।
सड़क निर्माण के बाद दोबारा खुदाई किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका सवाल है कि सड़क बनाने से पहले नालों और अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़े कार्य क्यों पूरे नहीं किए जाते? आरोप है कि महाराष्ट्र महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए), महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) और कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) के बीच समन्वय की कमी के कारण एक ही जगह पर बार-बार निर्माण कार्य करना पड़ रहा है। इससे सरकारी धन की बर्बादी के साथ नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण से पहले सभी जरूरी विकास कार्यों की योजना बनाई जाए और संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि नई सड़कों को दोबारा तोड़ने की नौबत न आए। उनका कहना है कि करदाताओं के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।


