spot_img
Homeउत्तर प्रदेश38 घंटे बाद भी सुलगती रही फैक्ट्री में लगी आग

38 घंटे बाद भी सुलगती रही फैक्ट्री में लगी आग

रनियां (सं. भा.) : औद्योगिक क्षेत्र रायपुर स्थित हाईवे के किनारे स्थित गणेशा इकोस्फेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में आग लग गई थी। 38 घंटे बीतने के बाद भी फैक्ट्री के अंदर कुछ स्थानों पर आग सुलग रही है जबकि फैक्ट्री का अधिकांश हिस्सा नष्ट हो चुका है। अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार ने शनिवार को फैक्ट्री का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। मशीनों व इलेक्ट्रिक पैनल की बारीकी से जांच की और फैक्ट्री के अंदर फटे एलपीजी सिलिडर को भी देखा। सिलिडर के उड़े परखच्चे से फैक्ट्री प्रबंधन के साथ ही विभागीय अधिकारी भी हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि आग से पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची। इससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं एहतियात के तौर पर पेट्रोल पंप पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। निरीक्षण में प्राथमिक तौर पर प्रबंधन ने 15 करोड़ रुपये नुकसान की संभावना जताई है। फैक्ट्री के मैनेजर एसएस शेखावत ने बताया कि फैक्ट्री का अधिकांश हिस्सा जल गया है। वहीं कई मशीनें भी जलकर नष्ट हो गई हैं।
कर्मियों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट

गणेशा इकोस्फेयर फैक्ट्री में कार्य करने वाले दो सौ से अधिक श्रमिकों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट आ गया है। लॉकडाउन के दौरान जहां उन्हें समस्याओं से जूझना पड़ रहा था वहीं काम जाने के बाद और भी स्थितियां बिगड़ गई हैं। कंपनी में काम करने वाले बृजमोहन, राजेश, राहुल ने बताया कि कई सालों से इसी फैक्ट्री में काम कर रहे हैं। अब दूसरी फैक्ट्री में काम की तलाश करनी पड़ेगी, उस पर भी काम मिल जाए भरोसा नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com