माया नगरी मुंबई दशकों से सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करती रही है। यहां की चकाचौंध और रंगीन शामें लोगों का दिल जीतती रही हैं। कहते हैं मुंबई कभी सोती नहीं। हमेशा ही जागने वाली मुंबई की शामें बेहद रंगीन होती हैं। यहां के रेस्तरां, बीयर बार और पब मुंबई की शाम को और अधिक आकर्षक बनाते हैं। मुंबई के समुद्री किनारे यानी चौपाटियों पर पर्यटकों का हुजूम देखते ही बनता है। यहां के दर्शनीय और ऐतिहासिक स्थल भी बेजोड़ हैं। तभी तो सैलानी उसके आकर्षण में खिंचे चले आते हैं। मुंबई का परिवर्तनशील स्वभाव उसके आकर्षण को और बढ़ाता है। इस शहर में नित नए परिवर्तन देखने को मिलते हैं। यहां रहने वाले लोगों में क्रियाशीलता कूट – कूट कर भरी है। फिल्म इंडस्ट्री का मुंबई में होना इस बात का द्योतक है कि यहां की चकाचौंध में सिल्वर पर्दे की अहम भूमिका है। फिल्मी सितारों को देखने देश भर से लोग यहां आते रहते हैं। उनकी एक झलक पाने के लिए वे तरह – तरह के जतन भी करते हैं। फिल्मी हस्तियां लोगों के आकर्षण का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। फिल्मों में अपने सितारे को देख कर लोग उनसे मिलने मुंबई तक खिंचे आते हैं। मगर इसी मुंबई में कभी – कभी ऐसे भी कारनामें सुनाई देते हैं, जिससे यहां के लोगों को शर्मशार होना पड़ता है। पिछले कुछ समय से ड्रग्स कांड में फिल्मी हस्तियों के नाम जुड़ने से मुंबईकरों को शर्मशार होना पड़ा है। इससे मुंबई की उज्ज्वल छवि भी धूमिल हुई है। टूरिज्म के नाम पर सैक्स रैकेट का भंडाफोड़ होने से भी मुंबई की साख पर धब्बा लगा है। यहां टूरिज्म सेक्स रैकेट चल रहा था। क्राइम ब्रांच ने इस केस में दो आरोपियों वर्षा परमार और अबरुन अमजद शेख को गिरफ्तार भी किया। क्राइम ब्रांच ने टूरिज्म सैक्स रैकेट के खुलासे के बाद बताया कि ग्राहक वर्षा और अबरुन से संपर्क करते थे। तब ये दोनों ग्राहकों को लड़कियों के फोटो भेजते थे। लड़की पसंद आने और उसके चयन के बाद होटल बुक कराए जाते थे। मगर हैरानी की बात यह है कि मुंबई पुलिस के डर से होटल मुंबई में न बुक करा कर गोवा में बुक कराए जाते थे। गोवा जाने के लिए खुद के और लड़कियों दोनों के एयर टिकट बुक कराना होता था। मुंबई एयरपोर्ट्स से सब साथ निकलते थे। लड़कियों के साथ दलाल भी होते थे। दो दिन बाद लडकी और ग्राहक दोनों वापस मुंबई आ जाते थे। इसका टिकट भी ग्राहक ही बुक करता था। दो रातों का रेट फिक्स होता था। ये दोनों टूरिज्म सैक्स रैकेट पिछले कई सालों से चला रहे थे। आरोपी अतीत में गिरफ्तार भी हुए हैं और बाद में जमानत पर छूट भी गए। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि ग्राहकों ने लड़कियों के लिए होटल सिर्फ गोवा में ही नहीं, लोनावाला और महाबलेश्वर में भी दलालों के कहने पर बुक करवाए। जो मोटी कमाई वाले ग्राहक हैं, वह सेक्स के लिए इन दिनों छोटी जगह के बजाए पुणे में कमरे बुक कराते हैं। इस काम को वे बड़ी सावधानी से अंजाम देते हैं। अपने परिवार में मुंबई से बाहर ऑफिस के काम या मीटिंग का बहाना कर ऐय्याशी के लिए पुणे चले जाते। मगर हकीकत में वे दो दिन के लिए दलाल के साथ लड़कियां लेकर गोवा या पुणे की फ्लाइट पकड़ लेते हैं।


