spot_img
Homeमहाराष्ट्रफनकार स्टूडियो में सजा साहित्य, संगीत और शायरी का भव्य संगम

फनकार स्टूडियो में सजा साहित्य, संगीत और शायरी का भव्य संगम

मुंबई (सं. भा.) श्रीकृष्ण भक्ति, साहित्य, संगीत और शायरी की सुरमयी प्रस्तुतियों ने मुंबई में यादगार महफ़िल सजाई। अंधेरी पश्चिम स्थित लक्ष्मी बिजनेस पार्क के ‘फनकार’ स्टूडियो में ‘बिग बैड क्रिएटर्स’ की ओर से आयोजित इस साहित्यिक एवं सांस्कृतिक उत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। कार्यक्रम का डिजिटल प्रसारण यूट्यूब चैनल पर हुआ, जिसे एक हजार से अधिक दर्शकों ने लाइव देखा।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘श्रीकृष्ण भक्ति काव्य’ सत्र से हुई। भक्त कवि श्री दास नारायण जी के लेखन पर प्रोफेसर दयानंद जी तिवारी और श्री वीरेंद्र याज्ञिक जी ने साहित्यिक विमर्श किया। इसके बाद पंडित मुस्तफ़ा आरिफ कृत ‘गीता भारती के मुक्तकों में गायन पक्ष’ विषय पर संगीताचार्य विवेक प्रकाश जी ने साहित्य और संगीत के संबंधों पर विचार रखे।

कवि सम्मेलन एवं मुशायरा आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। बॉलीवुड के मशहूर गीतकार एवं शायर नवाब आरज़ू साहब की सदारत और कमर हाजीपुरी की निजामत में आरिफ महमूदाबादी, अनिल गौड़, फ़ैज़ लखनवी, ताबिश रामपुरी, यूसुफ़ यलगार, श्रुति भट्टाचार्य, अराफ़ात महमूद, रास बिहारी पांडेय, ज़ुबैर राही और अज़हर हुसैन ‘अज़हर’ सहित रचनाकारों ने कविता और शायरी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में पूर्व डीसीपी मुंबई पुलिस प्रदीप सोनावाने, फिल्म निर्देशक एवं लेखक सुशील योगी, शास्त्रीय गायिका छाया साखरे, गायिका रचना वर्तक, वरिष्ठ प्रचारक समरजीत, फिल्म निर्देशक रहमत अली, आरजे एवं अभिनेत्री रेखा चौधरी तथा ‘प्रयाग समाचार’ के कार्यकारी संपादक मोहम्मद अबुल कलाम राईन समेत साहित्य, कला और फिल्म जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे। संगीतकार पद्मश्री अली गनी की गायकी ने भी खूब तालियां बटोरीं और महफ़िल में संगीत का रंग भर दिया।

आयोजक एवं संयोजक शामी एम. इरफ़ान ने साहित्य, कला और संगीत प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य और सांस्कृतिक संवाद को साझा मंच देना आयोजन का उद्देश्य था। समापन पर पंडित सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने अतिथियों, रचनाकारों, कलाकारों, सहयोगियों और ऑनलाइन जुड़े दर्शकों का आभार माना।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com