spot_img
Homeमहाराष्ट्रदवाओं के साथ पोषण भी जरूरी, टीबी मरीजों के लिए शुरू होगी...

दवाओं के साथ पोषण भी जरूरी, टीबी मरीजों के लिए शुरू होगी विशेष पहल

मुंबई, (सं. भा.) क्षयरोग से जूझ रहे मरीजों के लिए नियमित दवाओं के साथ पौष्टिक आहार भी बेहद जरूरी है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए लायंस इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 3231 ए3 ने जोगेश्वरी स्थित हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे ट्रॉमा केयर महापालिका अस्पताल में इलाज करा रहे जरूरतमंद टीबी मरीजों के लिए पोषण किट उपलब्ध कराने की पहल की है। इसके तहत 50 मरीजों को लगातार छह महीने तक पोषण संबंधी सहायता देने की तैयारी है।

इस संबंध में लायंस इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सी. ए. नटवर बांका ने 11 सितंबर को अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को पत्र सौंपकर पहल की जानकारी दी है। संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार के दौरान पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि दवाओं के साथ उनके खान-पान की जरूरत भी पूरी हो सके।

प्रस्तावित पोषण किट में मूंगफली, तूर दाल, मूंग, छोटी राजमा, काबुली चना, मटकी, गुड़, सूरजमुखी तेल और प्रोटीन पाउडर शामिल होंगे। इन खाद्य पदार्थों के जरिए मरीजों को प्रोटीन और ऊर्जा देने वाले आहार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

संस्था की ओर से अस्पताल प्रशासन के समक्ष प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत पात्र मरीजों को छह महीने तक नियमित रूप से पोषण किट उपलब्ध कराने की योजना है। टीबी के इलाज के दौरान मरीजों के खान-पान पर ध्यान देने वाली यह पहल दवाओं के साथ पोषण को भी उपचार का अहम हिस्सा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com