मुंबई (सं. भा.)। पिछले कुछ सालों में राजधानी एक्सप्रेस में बढ़ रही चोरियों के वारदात को रोकने के लिए मुंबई -दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के ५ कोच में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। शुक्रवार को राजधानी एक्सप्रेस हाई रिज़ोल्यूशन वाले कैमरों के साथ चलाई गई। कुछ महीने पहले परीक्षण के तौर पर एक कोच में एक सीसीटीवी लगाया गया था और परीक्षण सफल होने के बाद इस बार इंटरनेट प्रोटोकॉल बेस्ड हाई रिज़ोल्यूशन वाले कैमरे लगाए गए हैं।
१०० कोच में लगेगा कैमरा
पश्चिम रेलवे के पास राजधानी एक्सप्रेस के कुल ५ रेक हैं, जिनके कुल १०० कोच में २.५ करोड़ रुपए खर्च कर सीसीटीवी लगाने का फैसला किया गया है। इसके लिए रेलवे टेंडर भी निकाल चुकी है।
यात्रियों की सुरक्षा हुई पुख्ता
‘अब तक राजधानी -एक्सप्रेस में कोई पुख्ता सर्विलांस सिस्टम नहीं लगा हुआ था, लेकिन अब सीसीटीवी लगने से यात्रियों की सुरक्षा मजबूत होगी और किसी वारदात के बाद आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
-रविंद्र भाकर, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (पश्चिम रेलवे)
कम रोशनी में भी चेहरों की होगी पहचान
चेन्नई स्थित इंटिग्रल कोच फेक्ट्री (आईसीएफ) द्वारा तैयार की गई गाइडलाइन के आधार पर राजधानी में चेहरे पहचान करने वाले कैमरे लगाए गए हैं। इनमें हाई रिज़ोल्यूशन की तस्वीर खींचने की क्षमता होगी, तथा कम रोशनी में भी ठीकठाक विडियो रिकॉर्ड करने की सुविधा होगी। आईपी बेस्ड इन सीसीटीवी की तस्वीरें और विडियो हार्ड डिस्क में स्टोर हो जाएंगे, जिन्हें जरुरत के वक्त इस्तेमाल किया जा सकता है।


