मुंबई (सं.भा.): मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच हरियाली और प्रकृति से जुड़ने का मौका इन दिनों रानीबाग में लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। वीरमाता जीजाबाई भोसले बॉटनिकल गार्डन (रानीबाग) में मनपा एवं ट्री अथॉरिटी की ओर से आयोजित 29वीं फूलों, फलों और सब्जियों की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जहां रोज़ बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचकर प्रकृति की सुंदरता का आनंद ले रहे हैं। पिछले 28 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही इस प्रदर्शनी में इस वर्ष भी विभिन्न किस्मों के मौसमी फूल, फल, सब्जियां और सजावटी पौधे प्रदर्शित किए गए हैं। खास बात यह है कि प्रदर्शनी में मौजूद कई पौधे बिक्री के लिए भी उपलब्ध हैं, जिन्हें लोग अपने घरों, सोसायटियों और आसपास के इलाकों में लगाने के लिए उत्साहपूर्वक खरीद रहे हैं।
प्रदर्शनी के साथ-साथ हॉर्टिकल्चर पर विशेष वर्कशॉप का भी आयोजन किया गया है। इन कार्यशालाओं में स्टूडेंट्स, गृहिणियों, व्यवसायियों और बागवानी में रुचि रखने वाले लोगों को डेमो के माध्यम से पौधों की देखभाल, गार्डनिंग तकनीक और हरियाली बढ़ाने के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इस अवसर पर एक हॉर्टिकल्चर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है, जिसके तहत मनपा क्षेत्र के बेहतरीन गार्डन, रोड डिवाइडर और ट्रैफिक आइलैंड विकसित करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रेटर मुंबई में ग्रीन कवर बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। पार्क अधीक्षक जीतेंद्र परदेशी ने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनें और शहर को स्वच्छ व हरित बनाने में योगदान दें।


