मुंबई (सं.भा.) महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। मलाड पश्चिम के व्यस्त लिंक रोड पर महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सड़क पर चलते हुए महिलाओं को निशाना बनाता था और स्कूटर से गलत दिशा में आकर अचानक वारदात को अंजाम देता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
बांगुर नगर पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 25 वर्षीय मुख्तार खान के रूप में हुई है, जो गोरेगांव पूर्व स्थित आरे इलाके का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी स्कूटर को जानबूझकर गलत साइड से चलाता था और राह चलती महिलाओं के पास रुककर उन्हें अनुचित तरीके से छूता था।
हाल ही में एक 23 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने बताया कि गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब के पास लिंक रोड पर आरोपी ने उसे निशाना बनाया। उस वक्त आरोपी काले-सफेद रंग का हेलमेट पहने हुए था और एक सफेद स्कूटर पर सवार था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने इस तरह की वारदात और कितनी बार की है।
छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, स्कूटर से करता था हरकत
RELATED ARTICLES


