उल्हासनगर (सं.भा.)उल्हासनगर महानगरपालिका में सत्ता को लेकर शिवसेना और भाजपा के बीच बढ़ता विवाद अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी राजनीतिक खींचतान के बीच महापौर अश्विनी निकम का जनता दरबार अचानक स्थगित कर दिया गया। कार्यक्रम रद्द होने की वजह स्पष्ट नहीं की गई है, लेकिन इसे मौजूदा राजनीतिक तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
महापौर की ओर से वार्ड समिति क्रमांक 3 में जनता की समस्याएं सुनने के लिए जनता दरबार आयोजित किया जाना था। अंतिम समय में कार्यक्रम स्थगित होने से लोगों और राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई। इससे पहले आयोजित जनता दरबार में भाजपा समर्थित नगरसेवक राजेंद्र उर्फ बाला श्रीखंडे और कपिल अडसुल से जुड़े विवाद को लेकर हंगामा तथा नारेबाजी हुई थी।
इसके बाद नगरसेवक पद के चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच विवाद और बढ़ गया। भाजपा के दो उम्मीदवारों को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद पार्टी ने दो निर्दलीय उम्मीदवारों को अपना अधिकृत उम्मीदवार बनाया था। आयुक्त की मंजूरी के बावजूद सदन में महापौर की स्वीकृति नहीं मिलने से भाजपा को दोनों सीटों पर नुकसान हुआ। इसके बाद भाजपा ने शिवसेना से गठबंधन समाप्त करने की घोषणा कर दी।
शिवसेना ने पलटवार करते हुए भाजपा से पहले सत्ता से इस्तीफा देने की मांग की। इसी बीच महापौर के पति कमलेश निकम की ओर से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर लगाए गए आरोपों ने विवाद को और हवा दे दी। ऐसे माहौल में जनता दरबार का अचानक स्थगित होना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से कार्यक्रम रद्द करने का कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।


