spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईलोकल से लेकर एक्सप्रेस तक सघन चेकिंग, 2 लाख से ज्यादा यात्री...

लोकल से लेकर एक्सप्रेस तक सघन चेकिंग, 2 लाख से ज्यादा यात्री पकड़े गए

मुंबई (सं. भा.): रेलवे में बिना टिकट यात्रा और अनियमित सफर पर लगाम लगाने के लिए मध्य रेलवे ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। यात्रियों में अनुशासन बनाए रखने और राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस विशेष जांच अभियान में रिकॉर्ड स्तर पर कार्रवाई सामने आई है।
अप्रैल 2026 के दौरान लोकल, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ-साथ स्टेशनों पर चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान में 2.27 लाख से अधिक बेटिकट और अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे कुल 16.13 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया, जो अब तक की सबसे बड़ी वसूली मानी जा रही है। इसने मई 2023 के 14.50 करोड़ रुपए के पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, यह कार्रवाई पिछले वर्ष की तुलना में काफी ज्यादा रही है। अप्रैल 2025 में जहां 1.45 लाख मामलों का पता चला था, वहीं इस बार यह संख्या 56 प्रतिशत बढ़ गई। वहीं वसूली गई राशि भी 6.07 करोड़ रुपए से बढ़कर 166 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 16.13 करोड़ रुपए तक पहुंच गई।
सेकेंड क्लास में सबसे ज्यादा कार्रवाई
द्वितीय श्रेणी कोचों में चलाए गए विशेष अभियान का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। इस दौरान 1.58 लाख मामलों का खुलासा हुआ, जिनसे 13.06 करोड़ रुपए की वसूली की गई, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 160 प्रतिशत अधिक है।
एसी लोकल और अन्य श्रेणियों में भी सख्ती
एसी लोकल ट्रेनों में भी जांच तेज की गई। यहां 12,698 मामलों में कार्रवाई करते हुए 39.66 लाख रुपए वसूले गए। इसके अलावा प्रथम श्रेणी कोचों में 11,877 मामलों से 3.79 करोड़ रुपए, मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में किराया अंतर के 35,785 मामलों से 2.20 करोड़ रुपए और बिना बुक किए गए सामान के 8,723 मामलों से करीब 9.95 लाख रुपए की वसूली की गई।
अभियान रहेगा जारी, यात्रियों से अपील
मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि मुंबई मंडल में यह सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने से बचा जा सके और व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com