spot_img
Homeउत्तर प्रदेशनौकरी में नहीं चलेगी सिफारिश, योग्य युवाओं को मिलेगा हक

नौकरी में नहीं चलेगी सिफारिश, योग्य युवाओं को मिलेगा हक

लखनऊ (सं.भा.): सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश में नौकरियां केवल योग्यता के आधार पर मिल रही हैं और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो चुकी है।
लोकभवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नव चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं होती थीं और पेपर लीक आम बात थी। लेकिन अब सरकार ने ऐसी व्यवस्थाएं लागू की हैं, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुरक्षित और निष्पक्ष बनी है।
उन्होंने कहा कि पहले सिफारिश और भ्रष्टाचार के चलते योग्य उम्मीदवारों को अवसर नहीं मिल पाता था, लेकिन अब मेधावी युवाओं को उनका हक मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि शाहजहांपुर से कई उम्मीदवार चयनित हुए हैं, लेकिन वहां के जनप्रतिनिधियों को भी इसकी जानकारी नहीं है, जो पारदर्शिता का प्रमाण है।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि अब हर वर्ग और समुदाय के लोग चयनित होकर सामने आ रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि भर्ती में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर से एक सिख अभ्यर्थी का चयन हुआ है, वहीं लखनऊ की एक मुस्लिम बेटी भी चयनित हुई है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बेटियों को नियुक्ति पत्र मिलने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई और कहा कि यह बदलते समाज का संकेत है, जहां बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता और उन्हें हर हाल में समान अवसर मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योग्य युवाओं को रोजगार मिले और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com