spot_img
Homeमहाराष्ट्रभारी बारिश का असर: मुंबई में मटमैले पानी की शिकायतें, उबालकर पीने...

भारी बारिश का असर: मुंबई में मटमैले पानी की शिकायतें, उबालकर पीने की सलाह

मुंबई (सं.भा.) मुंबई में लगातार हो रही बारिश का असर अब पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ने लगा है। शहर के कुछ इलाकों में गंदले पानी की आपूर्ति की शिकायतें सामने आने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बीएमसी ने लोगों से एहतियात के तौर पर पानी छानकर और उबालकर पीने की अपील की है।

मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाले सातों जलाशयों के पाणलोट (कैचमेंट) क्षेत्र में पिछले तीन से चार दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है। इसके कारण नदियों के पानी में गंदलाहट बढ़ गई है और यही पानी जलाशयों तक पहुंचने से जल शुद्धिकरण प्रक्रिया प्रभावित हुई है।

बीएमसी के अनुसार, पश्चिमी उपनगरों और दक्षिण मुंबई के कुछ हिस्सों से मटमैले पानी की आपूर्ति की शिकायतें मिली हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जल शुद्धिकरण केंद्रों पर गंदलाहट कम करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। साथ ही पानी को सुरक्षित बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में क्लोरीन का उपयोग किया जा रहा है।

महानगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि यदि घरों में गंदला पानी पहुंचे तो घबराएं नहीं। एहतियात के तौर पर पानी को पहले कपड़े या फिल्टर से छान लें और अच्छी तरह उबालने के बाद ही पीने या खाना बनाने में उपयोग करें।

बीएमसी ने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द से जल्द स्थिति सामान्य करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com