spot_img
Homeमुंबईसोशल मीडिया स्टंट बना जानलेवा विरार (पश्चिम) में युवक ने गंवाई जान

सोशल मीडिया स्टंट बना जानलेवा विरार (पश्चिम) में युवक ने गंवाई जान

विरार (सं.भा.): सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने और रोमांच के चक्कर में किए जा रहे खतरनाक स्टंट लगातार हादसों को जन्म दे रहे हैं। विरार (पश्चिम) में सामने आई एक घटना ने इस जोखिम को फिर उजागर कर दिया, जहां सांप के साथ करतब दिखाना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, विरार पश्चिम के नवापुर इलाके में एक सांप दिखाई देने पर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक युवक ने कथित तौर पर नशे की हालत में सांप को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक सांप के साथ मजाक करता रहा और उसे गले में डालकर घूमने लगा।

घटना का वीडियो भी किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में युवक सांप के साथ लापरवाही भरा व्यवहार करता नजर आता है। इसी दौरान सांप ने युवक के हाथ पर काट लिया। सर्पदंश के बाद युवक की हालत बिगड़ने पर स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत खारोडी स्थित मनपा अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान राजू चंदू बरड (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सांप जैसे खतरनाक जीवों के साथ इस तरह की लापरवाही गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह जान के लिए भी घातक साबित हो सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com