प्रमोद कुमार
ठाणे(स.भा): अंबरनाथ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मानसिक रूप से अस्वस्थ एक महिला ने अपनी 3 साल की भांजी का गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली। यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को हुई।
एक पुरानी पीड़ा ने ली दो जानें
पुलिस के अनुसार, अंबरनाथ निवासी यह महिला अपने 8 वर्षीय भांजे की मौत के बाद से ही गहरे अवसाद में थी। अपने भांजे की बीमारी से हुई मौत का दुख वह भुला नहीं पा रही थी। इसी मानसिक तनाव में उसने अपनी मासूम भांजी की गला दबाकर हत्या कर दी।
अपराधबोध में ली अपनी जान
इस भयानक कृत्य के बाद, महिला अपराधबोध से घिर गई। अपनी बहन के घर में ही उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर, शिवाजी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।


