spot_img
Homeउत्तर प्रदेशटीबी मरीजों की सेहत से खिलवाड़! पोषण पोटली में एक्सपायरी सत्तू...

टीबी मरीजों की सेहत से खिलवाड़! पोषण पोटली में एक्सपायरी सत्तू और कीड़े लगी मूंगफली

फतेहपुर (सं. भा.)। गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के सरकारी प्रयासों पर उस समय सवाल खड़े हो गए, जब फतेहपुर के गाजीपुर कस्बे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीबी मरीजों को वितरित की गई पोषण पोटली की सामग्री कथित तौर पर खराब गुणवत्ता की निकली। आरोप है कि मरीजों को दिए गए सत्तू की पैकिंग पर एक्सपायरी तारीख निकल चुकी थी, जबकि मूंगफली के दानों में कीड़े लगे हुए थे। इस लापरवाही ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गाजीपुर में आठ टीबी मरीजों को पोषण सामग्री वितरित की गई थी। इसमें चना सत्तू, मूंगफली, बोर्नविटा अथवा हॉर्लिक्स और प्रोटीन पाउडर जैसी सामग्री शामिल थी। जिन मरीजों को यह पोषण पोटली दी गई, उनमें छोटेलाल, काजल, सोमवती देवी, पीयूष, कुसमा, रेनू, सुनील कुमार और कलावती के नाम शामिल हैं। आरोप है कि वितरण के दौरान सामग्री की गुणवत्ता और उसकी वैधता की जांच तक नहीं की गई।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के लोहारन गढ़वा निवासी स्वर्गीय छोटू की पत्नी कलावती ने पोषण पोटली में मिली सामग्री की तस्वीरें उपलब्ध कराई हैं। तस्वीरों में सत्तू की एक्सपायरी तारीख और मूंगफली की खराब हालत को लेकर सवाल उठाए गए हैं। मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि जिस सामग्री से उन्हें पोषण और स्वास्थ्य लाभ मिलना चाहिए, वही उनकी सेहत के लिए खतरा बन सकती है।
मामले ने स्वास्थ्य केंद्र में टीबी जांच की व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय स्तर पर जांच प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। अब सवाल यह है कि मरीजों को वितरित की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी किसकी थी और एक्सपायरी अथवा खराब सामग्री पोषण पोटली में कैसे पहुंची? स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की जांच और जवाबदेही तय होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com