- कंटेनर से भिड़ी कार
- एक ही परिवार के ३ लोगों की गई जान, ४ हुए घायल
पालघर (सं. भा.) मुंबई अमदाबाद हाइवे पर हादसे नही रुक रहे हैं। लगातार हो रहे हादसों में अब तक कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है, इसीलिए अब इसे हादसों का हाइवे भी कहा जाने लगा है। हाइवे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में पिता-पुत्र सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।

पालघर जिले के नालासोपारा का राठौड़ परिवार दोपहर को भिलाड जा रहा था। श्री महालक्ष्मी ब्रिज से थोड़ा आगे मारुति वैगन आर कार ने कंटेनर के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में नरोत्तम छना राठौड़ (६५), केतन नरोत्तम राठौड़ (३२), आरवी दीपेश राठौड़ (०१) की मौके पर ही मौत हो गई और कार चला रहे दीपेश नरोत्तम राठौड़ (३५), तेजल दीपेश राठौड़ (३२), मधु नरोत्तम राठौड़ (५८), स्नेहल दीपेश राठौड़ (२.५) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पालघर की कासा पुलिस घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाकर मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुटी है। महाराष्ट्र और गुजरात को जोड़नेवाला मुंबई – अमदाबाद हाइवे हादसों का पर्याय बन चुका है। शायद ही कोई ऐसा दिन जाता हो जब यहां सड़क दुर्घटना नहीं होती है। पिछले दिनों टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री सहित दो लोगों की मुंबई – अमदाबाद हाइवे पर ही भीषण कार दुर्घटना में जान चली गई।


