- एकीकृत सिग्नलिंग प्रणाली का परीक्षण रहा सफल
मुंबई (सं. भा.) मुंबई मेट्रो 2ए और 7 के पूर्ण संचालन का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। रविवार को एमएमआरडीए ने लाइन 2ए व 7 को पूरी क्षमता से शुरू करने के लिए दोनों लाइनों पर एकीकृत सिग्नलिंग प्रणाली का परीक्षण पूरा किया। इसके लिए पहले चरण की मेट्रो का संचालन बंद रखा गया था। एमएमआरडीए अधिकारियों के अनुसार सिग्नलिंग सिस्टम जोड़ने एवं परीक्षण का कार्य सफल रहा है। इस रूट पर लगभग 16 घंटे के मेगा ब्लॉक के दौरान सार्वजनिक घोषणा प्रणाली, यात्री सूचना प्रदर्शन प्रणाली, टेलीकॉम, पीएसडी सिस्टम के साथ रोलिंग स्टॉक जैसी प्रणालियों का एकीकृत परीक्षण हुआ। दूसरे चरण में यात्रा के लिए सभी सुरक्षा प्रणाली की भी जांच की गई। एमएमआरडीए आयुक्त एस. वी. आर. श्रीनिवास के अनुसार जल्द ही मेट्रो2 और 7 का दूसरा चरण मुंबईकरों की सेवा में होगा। मेट्रो 2ए और 7 का पूर्ण संचालन होने के साथ यह मेट्रो 1 से भी जुड़ जाएगा। वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर मेट्रो कॉरिडोर एफओबी के माध्यम से मेट्रो 7 से भी जुड़ जाएगा। बताया गया कि अभी सेफ्टी कमिश्नर की रिपोर्ट मिलने के बाद पूर्ण संचालन शुरू होगा। अधिकारियों के अनुसार दोनों लाइनों के शुरू होने के बाद लगातार यात्री बढ़ेंगे। दोनों रूट पर 12 लाख से ज्यादा यात्रियों के चलने की क्षमता होगी। मेट्रो 2ए का प्रोजेक्ट खर्च 6,410 करोड़ रुपये, जबकि लाइन 7 का खर्च 6, 208 करोड़ रुपये हैं।

दहानुकरवाड़ी-डीएन नगर और आरे से अंधेरी
2ए लाइन कांदिवली में दहानुकरवाड़ी को डीएन नगर से और लाइन 7 आरे रोड को अंधेरी हाईवे से जोड़ती है। मेट्रो 2ए और 7 (दहानुकरवाड़ी- दहिसर – आरे) के लगभग 20 किमी के पहले चरण को अप्रैल में खोला गया था। बाकी लगभग 17 किमी का रूट इस महीने से शुरू हो जाएगा। दोनों लाइनों पर 30 स्टेशन हैं। दोनों लाइन के शुरू हो जाने पर लिंक रोड और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर ट्रैफिक कम होने की उम्मीद है।
ये हैं स्टेशन
मेट्रो लाइन 2 ए में 17 स्टेशन हैं। अंधेरी (प.), लोअर ओशिवारा, ओशिवारा गोरेगांव (प.), पहाड़ी गोरेगांव, लोअर मालाड, मालाड (प.), वलनाई, दहानुकरवाड़ी, कांदिवली (प.), पहाड़ी एकसार, बोरीवली (प.), एकसार, मंडपेश्वर, कंदरपाड़ा, ऊपरी दहिसर और दहिसर (पूर्व). मेट्रो लाइन 7 में 13 स्टेशन हैं- गुंदवली, मोगरा, जोगेश्वरी (पूर्व), गोरेगांव (पूर्व), आरे, डिंडोशी, कुरार, आकुर्ली, पोइसर, मगथाने, देवीपाड़ा, राष्ट्रीय उद्यान और ओवारीपाड़ा। दोनों मेट्रो लाइने दहिसर स्टेशन पर जुड़तीं हैं।
28 रेक के साथ चलेगी
भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड द्वारा उपलब्ध कराए गए कुल 28 रेकों के साथ, दोनों लाइनों पर सेवाएं 7 मिनट के अंतराल में संचालित की जाएंगी। दोनों कॉरिडोर का कारशेड चारकोप में बना है।


