spot_img
Homeउत्तर प्रदेशबी - पैक्स रामपुर मुआरी के सचिव ने ब्लैक की 400 बोरी...

बी – पैक्स रामपुर मुआरी के सचिव ने ब्लैक की 400 बोरी खाद

  •  दिन भर भटकते रहे शिकायतकर्ता नहीं हुईं सुनवाई
  • डीएम व्यस्त थे, एसडीएम खागा ने नहीं उठाया फोन
  •  सहकारिता विभाग भी सन्देह के घेरे में, शिकायत मुख्यमंत्री से
  •  परेशान हाल किसान, खाद के अभाव में फसल प्रभावित
  • कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष ने की जांच की मांग, लगाए आरोप

फतेहपुर (प्रमोद श्रीवास्तव)।  प्रायः भ्रष्टाचार की नई नई पटकथा लिखने वाले स्थानीय सहकरिता विभाग (सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता उ०प्र० फतेहपुर) के अधिकारियों की मिलीभगत से लगभग 18 टन (चार सौ बोरी) खाद बी – पैक्स रामपुर मुआरी (ब्लाक हथगाव) के प्रभारी सचिव नवल किशोर द्वारा ब्लैक कर लेने का सनसनी खेज मामला प्रकाश में आया है।

उल्लेखनीय है कि उपरोक्त बी – पैक्स रामपुर मुआरी के कार्य क्षेत्र से जुड़े कुछ किसानों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर आरोप लगाया कि उक्त समिति के प्रभारी सचिव नवल किशोर ने लगभग 18 टन (चार सौ बोरी) खाद की पीसीएफ की बिसौली गोदाम से गुरुवार की दोपहर लगभग तीन बजे निजी वाहन से उठाई थी किन्तु योजना बद्ध ढंग से खाद पीसीएफ के वाहन से न ले जाकर दो ट्रैक्टर ट्राला में लोडिंग कराई गई। किसानों का आरोप है कि समिति के सचिव ने उक्त खाद (कृभको) को समिति न ले जाकर खुले बाजार में ब्लैक कर लिया है।

किसानों ने बताया कि समिति की रिटेलर आई०डी० नं० 178339 (पास मशीन) में 519 बोरी खाद शो हो रही है, जबकि मौक़े पर स्टाक लगभग निल है। एक एक बोरी खाद के लिए परेशान हाल किसानों ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि इस बार उन्हें अवश्य खाद मिल जायेगी किन्तु ब्लैक हो जाने से अब उनकी फसल भगवान भरोसे रहेगी। बताया कि बाजार में मिलने वाली खाद न सिर्फ मंहगी है बल्कि घटिया होने से फसल को कोई फायदा नहीं होता।

इस अत्यंत गंभीर मामले को लेकर जब किसान कलेक्ट्रेट आए तो उन्हें बताया गया कि जिलाधिकारी सदर अस्पताल का निरीक्षण कर रहे हैं। क्योंकि इस गंभीर मामले को लेकर किसान डीएम से ही मिलना चाह रहे थे, इसलिए उनसे इंतजार करने को कहा गया, बाद में डीएम वीडीओ कांफ्रेंसिंग में व्यस्त हो गए। उनके सीयूजी मोबाईल पर भी बात नहीं हो पाई। एसडीएम खागा ने भी फ़ोन नहीं उठाया। वहीं सहकारिता विभाग के ज़िम्मेदार भी मुंह छिपाते रहे। थक-हारकर किसानों ने मुख्यमंत्री को शिकायतीपत्र भेजकर उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।

किसानों का आरोप है कि उनकी फसल प्रभावित हो रही है, किन्तु उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। बताया कि सहकारिता विभाग (सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता उ०प्र० फतेहपुर) के अधिकारियों की मिलीभगत से खाद को पहले भी ब्लैक किया जाता रहा है। यह भी आरोप लगाया कि कई और बी०-पैक्स समितियों के नाम आवंटित खाद के भी ब्लैक की जा रही हैं।

बताया कि समिति सचिवों के भ्रष्ट कृत्यों पर विभाग पर्दा डालता रहा है। कहां कि सहकारिता विभाग के क्रिया कलापों से योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस के दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं। उधर किसानों ने बी -पैक्स रामपुर मुआरी समिति की खाद के ब्लैक होने के मामले में अपर ज़िला सहकारी अधिकारी खागा की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है।

इसी कड़ी में ज़िला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहां कि सहकारिता विभाग के भ्रष्ट आंचरण किसी से छिपे नहीं हैं, भाविष्य में कांग्रेस इस मामले को ऊपर तक ले जाने का काम करेगी। कहा कि इस सरकार में किसानों के साथ जितना बुरा बर्ताव और खाद की किल्लत तथा समितियों से काला बाजारी हो रही हैं, वह पहले कभी भी नहीं हुईं हैं। उन्होंने ज़िला अधिकारी से बी – पैक्स रामपुर मुआरी समिति सचिव के इस कृत्य को गंभीरता से लेते हुए जांच करवाने की मांग की हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com