पालघर नगर परिषद को किया सुपुर्द
पालघर (सं. भा.)। पालघर के टेम्भोडे में सोनोपंत दांडेकर कॉलेज खारेखुरण सड़क पर स्थित बहुचर्चित सर्वे नंबर 67 पर किये गए अतिक्रमण पर आखिरकार पालघर के तहसीलदार सुनील शिंदे का बुलडोजर चल ही गया। पुलिस बंदोबस्त के बीच तलाठी और सर्कल की मौजूदगी में इस जमीन पर किये गए अतिक्रमण को तोड़ा गया। कार्रवाई के लिए पहले ही 5 लोगों को तहसीलदार ने नोटिस दिया था। वहीं इस कार्रवाई को लेकर पालघर के तहसीलदार सुनील शिंदे का कहना था कि काफी सालों से 34 एकड़ में फैले इस गुरुचरण जमीन पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। अतिक्रमण हटाने के बाद इस जमीन को पालघर नगर परिषद को हैंडओवर कर दिया गया है। अब इस जमीन की देखभाल करना पालघर नगर परिषद की जिम्मेदारी होगी और इस गुरुचरण जमीन पर नगर परिषद का कब्जा रहेगा, क्योंकि यह जमीन नगरपरिषद कार्यक्षेत्र में आती है।

रेगुलाइज करने का था आदेश
वहीं इस जमीन पर 80 की दशक से खेती करने वाले परिवारों ने तहसीलदार की इस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि 2013 में कोकण अपर आयुक्त ने इन जमीनों को रेगुलाइज करने का आदेश करने का आदेश दिया था, लेकिन स्थानीय प्रशासन रेगुलाइज करने के बजाय इन जमीनों पर बुलडोजर घूमा रहा है। हमारे परिवार के जीविका का यही साधन है। ऐसे में हम परिवार के साथ कहां जाए और क्या करें?


