मुंबई (सं.भा.) साहित्य, कविता और रंगमंच की त्रिवेणी का सुंदर संगम मुंबई में देखने को मिला, जहां वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अरुण प्रकाश मिश्र ‘अनुरागी’ की दो नई पुस्तकों का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर आयोजित काव्य गोष्ठी में देशभर के साहित्यकारों और कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
आर.के. पब्लिकेशन एवं नवकुंभ साहित्य सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में मुंबई मराठी पत्रकार संघ सभागार में आयोजित समारोह में डॉ. अरुण प्रकाश मिश्र ‘अनुरागी’ के नाटक ‘हैलो कामिनी’ और गीत संग्रह ‘हुस्न का जादू’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि यशपाल सिंह ‘यश’ ने की। मुख्य अतिथि के रूप में लेखक एवं अभिनेता अरुण शेखर, एसआईईएस महाविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश पाठक तथा विशेष अतिथि के रूप में अभिनेता नंदकिशोर पंत उपस्थित रहे।
अतिथियों ने दोनों पुस्तकों को समकालीन साहित्य की महत्वपूर्ण कृतियां बताते हुए डॉ. अरुण प्रकाश मिश्र की लेखनी की सराहना की और उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन नरसिंह हैरान ने तथा आभार प्रदर्शन आर.के. पब्लिकेशन के निदेशक रामकुमार ने किया।
दूसरे सत्र में विनय शर्मा ‘दीप’ के संचालन में आयोजित काव्य गोष्ठी में नंदलाल क्षितिज, शिव दत्त अक्स, नामदार राही, बीनू त्रिपाठी, राकेश त्रिपाठी, सूर्यकांत शुक्ल सहित अनेक कवियों ने काव्य पाठ किया। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकार, पत्रकार और साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।


