मुंबई (सं.भा.) महाराष्ट्र में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद राज्यभर में बिना एचएसआरपी वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एक जुलाई से शुरू हुई इस कार्रवाई के तहत अब तक 15,645 वाहनों की जांच की जा चुकी है, जिनमें 6,718 वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इन वाहन मालिकों से करीब 8 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा।
परिवहन विभाग के अनुसार, वाहनों की आसान पहचान सुनिश्चित करने, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने तथा वाहन संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अनिवार्य की गई है। अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत सभी वाहनों पर भी एचएसआरपी लगाना अनिवार्य किया गया था, जिसकी अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई थी। समय सीमा समाप्त होने के बाद 1 जुलाई से परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम राज्यभर में जांच अभियान चला रही है।
सरकार ने एचएसआरपी लगाने के लिए अधिकृत तीन कंपनियों की नियुक्ति की है। दोपहिया वाहनों के लिए 450 रुपये, तिपहिया वाहनों के लिए 500 रुपये, जबकि हल्के, मध्यम और भारी मोटर वाहनों के लिए 745 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) शुल्क निर्धारित किया गया है।
हालांकि, कार्रवाई के साथ वाहन मालिकों की परेशानी भी बढ़ी है। बड़ी संख्या में लोग एचएसआरपी लगवाने के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के लिए करीब तीन सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है। स्लॉट की कमी के कारण कई वाहन चालक समय पर नंबर प्लेट नहीं लगवा पा रहे हैं। इसके बावजूद परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से जल्द से जल्द एचएसआरपी लगवाने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


