खरीददार रहें सतर्क
नवी मुंबई (सं. भा.) : वाशी स्थित मुंबई कृषि उत्पन्न बाजार समिति (एपीएमसी) में कर्नाटक और केरल से मंगाए गए आमों को कोकण हापुस के नाम से धड़ल्ले से बेचे जाने का मामला सामने आया है। एपीएमसी बाजार के साथ ही फुटकर बाजारों में भी हापुस आम के नाम पर ग्राहकों के साथ ठगी होने की शिकायतें मिली हैं। बता दें कि मुंबई के बाजारों में प्रति दिन कोकण से सात से आठ हजार हापुस के बॉक्स की आवक हो रही है। केरल, कर्नाटक और अन्य राज्यों से भी लगभग पांच हजार पेटी आम की आवक है। कोकण के लगभग 40% आम यूरोपीय और खाड़ी देशों में निर्यात होते हैं।
सावधानी बरतें ग्राहकः हापुस आम के व्यापारी सुनील केवट ने बताया कि खरीदारों को सतर्क रह कर फल खरीदना चाहिए। बाजार में रत्नागिरी और देवगढ़ से आम की अन्य किस्में बिक रही हैं। असली हापुस आम की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। नकली हापुस की बिक्री बाजार में बड़े पैमाने पर हो रही है।

एपीएमसी के उप सचिव का कहना है की बाजार में व्यापारियों का एक वर्ग हापुस की विभिन्न प्रजातियां बता कर आम बेच रहा है। कुछ व्यापारी इसे नकली बता रहे हैं। ऐसे में एपीएमसी के बाहर नियंत्रण करना मुश्किल है।


