विधायक और अधिकारियों ने बढ़ाया हौसला
फतेहपुर (सं. भा.) । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, जिलाधिकारी रविंद्र सिंह और मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने स्थानीय सरदार पटेल प्रेक्षागृह में आयोजित महिला सशक्तिकरण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग, विकास विभाग और प्रोबेशन विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का भी अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूहों और बेसिक शिक्षा विभाग की अध्यापिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं का योगदान समाज के हर क्षेत्र में बढ़ रहा है और उनके सशक्तिकरण में पुरुषों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के संकल्प को साकार कर रही है और महिलाओं को उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनकी मां का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार चंद्रौल, पीडी डीआरडीए शेषमणि, उपयुक्त स्व-रोजगार मुकेश कुमार, डीपीओ, प्रोबेशन अधिकारी ऋषांत कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


