कानपुर (सं. भा.)। टेनरी संचालकों ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने टेनरी बंदी और चमड़ा उद्योग की बर्बादी का मसला उठाया। सपा अध्यक्ष ने चुनाव बाद टेनरी के लिए रणनीति बनाने की बात कहकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
डेरापुर जाते समय जाजमऊ के गंगापुल पर सपाइयों और टेनरी संचालकों ने पूर्व सीएम को रोक लिया। सपा नेता व लेदर वेलफेयर इंडस्ट्री एसोसिएशन के सदस्य महफूज अख्तर ने उनसे पांच माह की भीषण बंदी से चमड़ा उद्योग पर आए संकट और बेरोजगारी की समस्या बताई। अखिलेश यादव ने कहा कि वह चमड़ा कारोबारियों की समस्या से पूरी तरह वाकिफ हैं। उनकी सरकार में चमड़ा उद्योग को कभी कोई समस्या नहीं आई। परेशान कारोबारियों और मजदूरों के लिए संघर्ष किया जाएगा। चुनाव बाद इसके लिए रणनीति बनाई जाएगी। यहां के चमड़ा उद्योग को किसी भी हाल में बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। टेनरी संचालकों ने चार दिन पहले बिजली कनेक्शन काटने के दौरान हुए हंगामे की भी उन्हें जानकारी दी। इस दौरान सोहेल अख्तर, शकील अहमद, लियाकत अली, उस्मान व राजू रहे।


