रसूलाबाद (सं. भा.) : रसूलाबाद में छह दिन पहले ही ब्याह कर आई नवविवाहिता की मार्ग दुर्घटना में जान चली गई। वहीं पति व ननद की हालत गंभीर बनी हुई है। विवाह समारोह से लौटते समय उनकी बाइक में एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी थी।
मुंडेरा मुंगीसापुर निवासी 30 वर्षीय नौशाद का निकाह 24 फरवरी को रसधान सिकंदरा निवासी साजिया से हुआ था। रविवार देरशाम वह आजाद नगर रसूलाबाद में रिश्ते में भांजे लगने वाले मुमताज के यहां निकाह में शामिल होने बाइक से गए थे। उनके साथ पत्नी साजिया व बहन रेहाना भी थीं। बाइक से वापस अपने घर मुंडेरा लौट रहे थे। इसी दौरान रसूलाबाद झींझक रोड पर दशहरा के समीप पीछे से आए ट्रेलर ने टक्कर मार दी थी। इससे साजिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नौशाद व रेहाना गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों को सीएचसी रसूलाबाद लेकर पहुंची जहां से डॉक्टर सौरभ शाक्य ने हालत गंभीर देख एलएलआर अस्पताल (हैलट) कानपुर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि तहरीर लेकर कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक नहीं छूटी थी हाथों की मेहदी
साजिया के हाथों की मेहदी अभी तक नहीं छूटी थी। जिदगी के नए सफर को अभी साजिया व नौशाद ने साथ में शुरू किया था कि काल का क्रूर पंजा उन तक आ पहुंचा। मौत की खबर जैसे ही परिवार में मिली रोना-पीटना मच गया। किसी को विश्वास नहीं हो रहा था कि हंसी खुशी घर से निकले लोगों के साथ ऐसा हो गया।


