जौनपुर (सं.भा.) : बढ़े अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस ने एक और नायाब तरीका अपनाया है। इसके लिए मोबाइल और सिम खरीदने वालों पर नजर रखने के लिए उनकी कुंडली’ तैयार कराने का निर्णय लिया है, जिसकी जांच पुलिस खुद करेगी।
सभी सिम व मोबाइल बेचने वाले दुकानदार एक रजिस्टर बनाएंगे। इसमें ग्राहक का नाम, पिता का नाम, पूरा पता, आईडी नंबर, ग्राहक का हस्ताक्षर अंकित करेंगे जो प्रतिदिन पुलिस की निगरानी में रहेगा। ऐसा न करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस निर्णय से जहां दुकानदारों द्वारा फर्जी सिम व मोबाइल की बिक्री पर विराम लग जाएगा, वहीं काफी हद तक अपराध पर भी अंकुश लग जाएगा। क्योंकि अब तक फर्जी सिम के सहारे अपराधी विभिन्न घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के इस फरमान से ऐसे दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। वजह अब तक इस खेल में वे मोटी रकम कमा लेते थे। इस खेल में दुकानदार फोटो और आईडी किसी की और सिम किसी और को देकर अच्छा रुपया कमा लेते थे। सब सकते में आ गए हैं। एसपी केके चौधरी ने बताया कि इस संबंध में सभी थानेदारों को दिशा- निर्देश दिया गया है। साथ ही जल्द से जल्द व्यवस्था जिले भर में लागू की जाएगी।


