spot_img
Homeउत्तर प्रदेशगंगा महोत्सव में कल्पना पटवारी ने बिखेरा लोकसंगीत का रंग काशी को...

गंगा महोत्सव में कल्पना पटवारी ने बिखेरा लोकसंगीत का रंग काशी को बताया आध्यात्मिक सुकून का केंद्र

वाराणसी (सं. भा.)। संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का सशक्त जरिया भी है। इसी भावना को लेकर गंगा महोत्सव में पहुंचीं प्रख्यात लोकगायिका कल्पना पटवारी ने अपने सांगीतिक सफर और भोजपुरी संगीत के अनुभव साझा किए। उन्होंने काशी से अपने गहरे जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें हमेशा आध्यात्मिक शांति मिलती है। चर्चित गीत ‘गणेश के पापा’ से मिली लोकप्रियता को उन्होंने बाबा विश्वनाथ की कृपा बताया।
अपने संगीत जीवन के शुरुआती दौर को याद करते हुए कल्पना ने बताया कि महज चार वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने पिता और असम के लोकगायक बिपिन नाथ पटवारी के साथ मंच पर प्रस्तुति देना शुरू कर दिया था। संगीत में अपनी पहचान बनाने के लिए वह मुंबई पहुंचीं, जहां उन्हें पंजाबी और भोजपुरी सहित कई भाषाओं में गाने के अवसर मिले। हालांकि भोजपुरी संगीत और वहां के श्रोताओं से उन्हें जो अपनापन मिला, उसने उनके करियर को नई पहचान दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 से उनका बनारस आना-जाना जारी है और गंगा के तट पर प्रस्तुति देना उनके लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव है।


लोकसंगीत और आधुनिक संगीत के मेल पर उन्होंने कहा कि फ्यूजन की असली ताकत लोक परंपराओं में छिपी है। आज की युवा पीढ़ी भी अपनी भारतीय सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी हुई है। उन्होंने लाइव शो और स्टूडियो रिकॉर्डिंग के अंतर को समझाते हुए कहा कि स्टूडियो में कलाकार अपनी कला को निखारता है, जबकि मंच पर दर्शकों की तत्काल प्रतिक्रिया प्रस्तुति को खास बना देती है। उन्होंने आगामी 30 नवंबर को पंडित विक्रम घोष के मंच पर शास्त्रीय और लोकसंगीत के फ्यूजन की प्रस्तुति देने की जानकारी भी दी।
क्षेत्रीय भाषाओं और बोलियों के संरक्षण पर जोर देते हुए कल्पना पटवारी ने कलाकारों से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने बताया कि ‘छठ गीत माला’ परियोजना के माध्यम से भोजपुरी, अंगिका, बज्जिका और मगही के साथ मैथिली भाषा को भी एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। उनका मानना है कि लोकभाषाएं और लोकगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं, जिन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना कलाकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com