लखनऊ (सं. भा.)। उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरव, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फ्लैग पिन लगाकर शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और उन्हें पुलिस ध्वज का फ्लैग पिन लगाया। वहीं, अपर पुलिस महानिदेशक (फायर सर्विस) पद्मजा चौहान ने राज्यपाल को फ्लैग पिन लगाकर पुलिस झंडा दिवस की बधाई दी।
इस मौके पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न भी भेंट किया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक के जनरल स्टाफ ऑफिसर केएस इमैन्युअल भी मौजूद रहे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रदेश पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, साहस और जनसेवा के कार्यों की सराहना की।

उत्तर प्रदेश में प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1952 में इसी दिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह सम्मान पाने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था। इसी दिन प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) को भी ध्वज प्रदान किया गया था।
उत्तर प्रदेश पुलिस का ध्वज चार फीट लंबा और तीन फीट चौड़ा है। इसमें ऊपर लाल और नीचे नीले रंग की पट्टी है। यह ध्वज पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, अनुशासन, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है। पुलिस झंडा दिवस के माध्यम से प्रदेश पुलिस के जवानों के योगदान और उनकी सेवाओं को सम्मान दिया जाता है।


