मुबई (सं. भा.): मुंबई में वर्षों से ऐसा देखा गया है कि यहां मानसून का आगमन पूरे तड़क भड़क के साथ होता है तथा कड़कती बिजली और तेज हवा के साथ बारिश यहां से रुखसत भी होता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार पिछले सप्ताह ही केरल में मानसून का आगमन हो चुका है। अब यह मुंबई और महाराष्ट्र सहित पूरे देश में सेट हो रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में अगले चार दिन मुसलाधार बारिश होने की चेतावनी भारतीय मौसम विभाग ने दी है। इसी के तहत मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रसाशन से तेज बरसात होने वाले संभावित जिलों में NDRF और SDRF को तैनात करने का आदेश दिया है। साथ ही सभी एजेंसियों को किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।

मौसम विशेषज्ञ दिनेश मिश्रा ने बताया कि आने वाले तीन से चार दिन अच्छी बरसात के हैं। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में 70 एमएम से अधिक बारिश हो सकती है। जब भी मॉनसून सेट होता है तब दक्षिण पश्चिमी हवाएं तेज हो जाती है। गोवा और मुंबई के बीच अरब सागर में एक छोटा सा कम दबाव के क्षेत्र का निर्माण हुआ है, इन सभी समीकरणों के चलते ऑफ शोर ट्रफ (बादलों का समूह) बना है। ऐसे में मुंबई सहित महारास्ट्र के कई हिस्सों में अच्छी बरसात होगी।


